शिक्षा, संस्कृति और सम्मान का उत्सव बना तिमली विद्यालय का रजत समारोह।

पौड़ी गढ़वाल(अंकित उनियाल)
राजमती देवी सरस्वती विद्या मन्दिर इंटर कॉलेज तिमली का रजत जयंती समारोह बड़े धूमधाम और सांस्कृतिक वैभव के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम की भव्यता और गरिमा ने इसे एक ऐतिहासिक अवसर बना दिया।
इस विशेष अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि राजकुमार पोरी विशिष्ट अतिथि और यशपाल बेनाम कार्यक्रम अध्यक्ष की भूमिका में नजर आए। मुख्य वक्ता के रूप में नत्थी लाल बंगवाल, संभाग निरीक्षक (गढ़वाल) ने विद्यार्थियों को आशीर्वचन प्रदान किया और संस्था की प्रगति की सराहना की।
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहा "माधो सिंह भंडारी" पर आधारित नृत्य-नाटिका, जिसने वीरता, बलिदान और लोकनायक की भावना को जीवंत कर दिया। इस प्रस्तुति ने न केवल दर्शकों को रोमांचित किया, बल्कि कई की आँखें भी नम कर दीं।
इसके साथ ही "जीतू बगड़वाल" की नृत्य नाटिका, और नेपाली, असमिया, राजस्थानी, गढ़वाली, कुमाऊँनी आदि लोकगीतों एवं नृत्यों की रंगारंग प्रस्तुतियों ने मंच को जीवंत कर दिया। छात्र-छात्राओं की प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया और स्थानीय लोकसंस्कृति की समृद्ध छवि पेश की।
विद्यालय परिवार द्वारा अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य संजय मंमगाई ने सभी आगंतुकों, प्रतिभागियों और अभिभावकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह आयोजन विद्यालय के गौरवशाली 25 वर्षों की यात्रा का प्रतीक है और भविष्य में इसे नई ऊँचाइयों तक ले जाने का संकल्प है।