बाढ़ से बेहाल बच्चों के बीच पहुंचे ट्रैफिक कांस्टेबल,राहत शिविरों में बच्चों को बांटे समोसे

निष्पक्ष जन अवलोकन अनिल खटीक हमीरपुर। पांच दिनों से बाढ़ की मार झेल रहे बच्चों के चेहरे पर सोमवार को मुस्कान लौट आई। जब ट्रैफिक पुलिस में तैनात कांस्टेबल रंजीत कुमार और अश्वनी कुमार ने गर्मा-गर्म समोसे लेकर राहत शिविरों में पहुंचे। मासूम बच्चों को समोसे बांटते इन दोनों सिपाहियों का वीडियो सामने आया है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि बाढ़ से प्रभावित बच्चे खुशी से समोसे ले रहे हैं और कांस्टेबल उन्हें बड़े स्नेह से खाना बांट रहे हैं। इस दौरान मौजूद लोग भी भावुक हो उठे। सोशल मीडिया पर लोग इस पहल को "सच्ची मानवता की मिसाल" बता रहे हैं। यमुना और बेतवा नदियों की बाढ़ से हमीरपुर में हजारों घर डूब चुके हैं। सैकड़ों लोग राहत शिविरों में हैं और कई परिवार स्टेट व नेशनल हाईवे किनारे शरण लिए हुए हैं। ऐसे हालात में ट्रैफिक पुलिस की यह छोटी-सी कोशिश सहारे की बड़ी मिसाल बन गई है। प्रशासन का दावा है कि यमुना और बेतवा नदियों का जलस्तर धीरे-धीरे घट रहा है। बेतवा नदी आज शाम और यमुना कल सुबह तक खतरे के निशान से नीचे आ सकती है।