कालपी के महेवा गांव में यमुना का पानी घुसा, प्रशासन लगा बचाव में

निष्पक्ष जन अवलोकन। मनीष सिंह जादौन उरई(जालौन)। जालौन जनपद की कालपी तहसील के ग्राम महेवा में यमुना नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से गांव के कुछ हिस्सों में पानी प्रवेश कर गया है। हालांकि गांव का संपर्क मार्ग अभी सुरक्षित है और जनजीवन सामान्य बना हुआ है। प्रशासन ने स्थिति को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी है।जैसे ही जलभराव की सूचना मिली, जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय और पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार स्वयं मौके पर पहुंचे और प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने गांववासियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं और राहत कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि बाढ़ से प्रभावित प्रत्येक घर का तुरंत सर्वेक्षण किया जाए और जरूरतमंद परिवारों को तात्कालिक सहायता मुहैया कराई जाए। इसमें खाद्यान्न, पेयजल, दवाएं और आवासीय व्यवस्था प्राथमिक रूप से शामिल रहेंगी। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि राहत कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।मौके पर मौजूद मुख्य विकास अधिकारी केके सिंह, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) संजय कुमार सहित पूरी प्रशासनिक टीम ने राहत और बचाव कार्यों की रूपरेखा तय की और जिम्मेदार अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। टीम ने स्थानीय निवासियों से सीधा संवाद कर उन्हें आश्वस्त किया कि प्रशासन हर संभव सहायता प्रदान करेगा।प्रशासन की तत्परता और लगातार निगरानी से यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि महेवा समेत अन्य संभावित प्रभावित क्षेत्रों में कोई व्यक्ति असहाय न रहे।