प्रत्युष विहार में मेधावी छात्रों का सम्मान समारोह आज

निष्पक्ष जन अवलोकन। रामेश्वर विश्वकर्मा रुद्रपुरी।
रूद्रपुर, देवरिया। प्रत्युष विहार रामचक विद्यालय में वार्षिक परीक्षा 2024-25 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को सम्मानित करने हेतु पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया है। इसकी जानकारी विद्यालय के प्रधानाचार्य राणाप्रताप सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि विद्यालय के मेधावी छात्रों को प्रमाण पत्र, ट्रॉफी एवं अन्य पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों में प्रतिस्पर्धात्मक भावना को बढ़ावा देना एवं शिक्षा के क्षेत्र में श्रेष्ठता के प्रति प्रेरित करना है। विद्यालय प्रशासन द्वारा बताया गया कि इस समारोह में कक्षा नर्सरी से लेकर नौवीं तक के उन छात्रों को सम्मानित किया जाएगा जिन्होंने शैक्षणिक प्रदर्शन, अनुशासन, उपस्थिति तथा सांस्कृतिक गतिविधियों में उल्लेखनीय योगदान दिया है। प्रधानाचार्य ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से न केवल छात्रों का मनोबल बढ़ता है, बल्कि अन्य छात्रों को भी प्रेरणा मिलती है कि वे भी मेहनत कर श्रेष्ठता की ओर अग्रसर हों।