मेडिकल कॉलेज से सम्बद्ध चिकित्सालय का एमएलसी रमा निरंजन ने किया औचक निरीक्षण
निष्पक्ष जन अवलोकन। मनीष सिंह जादौन उरई(जालौन) मंगलवार को दोपहर 1 बजे राज्य विधान परिषद सदस्य एवं चिकित्सा व सार्वजनिक स्वास्थ्य स्थायी समिति की सदस्य श्रीमती रमा निरंजन ने राजकीय मेडिकल कॉलेज, उरई से सम्बद्ध चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ओपीडी परिसर, रजिस्ट्रेशन एरिया और आयुष्मान योजना के लाभार्थियों की स्थिति का अवलोकन किया। मरीजों के लिए स्ट्रेचर और व्हीलचेयर की समुचित व्यवस्था देखकर उन्होंने संतोष जताया। विभिन्न विभागों की ओपीडी में जाकर मरीजों से सीधा संवाद किया और उनसे दवाओं की उपलब्धता व इलाज की स्थिति की जानकारी ली। अधिकांश मरीजों ने सुविधाओं को लेकर संतोष व्यक्त किया। हीट वेव के संभावित प्रभावों को देखते हुए, विधायक ने अस्पताल प्रबंधन को मरीजों और तीमारदारों के लिए विशेष व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने चिकित्सकों से भी मुलाकात कर उन्हें मरीजों के प्रति और अधिक संवेदनशील व सहयोगी रवैया अपनाने की सलाह दी। निरीक्षण के दौरान एमएलसी प्रतिनिधि श्री आर.पी. निरंजन, कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. अरविंद त्रिवेदी, बाल रोग विभागाध्यक्ष डॉ. जी.एस. चौधरी, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. प्रशांत निरंजन सहित अन्य चिकित्सक व कर्मचारीगण उपस्थित रहे।