भदोही में पंचायत चुनाव में लोजपा अकेले लड़ेगी चुनाव- कमल तिवारी

निष्पक्ष जन अवलोकन।
अनिल तिवारी।
भदोही। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) द्वारा क्षेत्र के एक प्रतिष्ठान में रविवार को जिलास्तरीय कार्यकर्ता बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में सैकड़ों लोगों को पार्टी की सदस्यता दिलाई गई और उन्हें संगठनात्मक जिम्मेदारियाँ सौंपी गईं। इस दौरान आगामी पंचायत चुनाव को लेकर व्यापक चर्चा हुई, जिसमें तय किया गया कि लोजपा (रामविलास) भदोही के सभी सीटों पर अकेले पंचायत चुनाव लड़ेगी। बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश सचिव कमल तिवारी ने महाराष्ट्र में चल रहे भाषा विवाद पर शिवसेना को आड़े हाथों लिया और उसे "गंदी राजनीति" का उदाहरण बताया। उन्होंने पीडीए पर भी तीखा हमला बोलते हुए कहा कि यह गठबंधन सिर्फ जनता को गुमराह करने के लिए बना है। भदोही जिलाध्यक्ष विकास दूबे ने कहा कि जिले में पार्टी संगठन लगातार मजबूती की ओर अग्रसर है। उन्होंने बताया कि बिहार विधानसभा चुनाव के बाद लोजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान का भदोही दौरा प्रस्तावित है, जिसे लेकर तैयारियाँ शुरू कर दी गई हैं। बैठक में मिर्जापुर प्रभारी धनंजय दूबे, अवनीश तिवारी, रतनेश बिंद, संतोष भारती, राहुल तिवारी, राजन भारती, सुंदरम दूबे, मनोज निगम, रोहित बिंद, धनेश तिवारी, चंद्र कुमार, अंकित तिवारी समेत सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।