दिब्यांग स्वाति सिंह ने अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन टूर्नामेंट में लहराया तिरंगा

निष्पक्ष जन अवलोकन। मनीष सिंह जादौन उरई(जालौन)।जालौन। जिले की होनहार दिव्यांग बेटी स्वाति सिंह ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम गौरवान्वित किया है। डॉ. शकुंतला मिश्रा नेशनल रिहैबिलिटेशन यूनिवर्सिटी लखनऊ की दिव्यांग छात्रा स्वाति सिंह ने युगाड़ा इंटरनेशनल टूनामेंट 2025 द्वारा आयोजित प्रतियोगिता में अद्भुत प्रदर्शन किया है। स्वाति सिंह ने युगाड़ा की राजधानी में कैंपाला में आयोजित इस प्रतियोगिता में स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जीतकर प्रदेश और देश का नाम रोशन किया है। उल्लेखनीय है कि दिव्यांग स्वाति सिंह ने महिला एकल 5 वर्ग में रजत पदक, महिला युगल 5 में स्वर्ण पदक और मिक्स्ड डबल्स में कांस्य पदक हासिल किया। इस प्रतियोगिता में 50 से अधिक देशों के दिव्यांग खिलाड़ी भाग ले रहे थे। स्वाति सिंह ने अपने दमदार खेल प्रदर्शन से यह साबित कर दिया कि मेहनत और आत्मविश्वास से हर चुनौती को पार किया जा सकता है। उनकी इस ऐतिहासिक सफलता पर जालौन वासियों में हर्ष की लहर दौड़ गई है। जिले के प्रशासन, शिक्षकों, समाजसेवियों और जनप्रतिनिधियों ने स्वाति सिंह को हार्दिक बधाई दी है। स्वाति सिंह की इस उपलब्धि ने न सिर्फ उनके परिवार का बल्कि पूरे जनपद का मान बढ़ाया है। उनकी यह सफलता आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। जालौन की इस बेटी ने यह दिखा दिया कि बुलंद हौसले के आगे कोई भी चुनौती बड़ी नहीं होती।