शादी के दौरान हर्ष फायरिंग मे चार घायल तीन की हालत गम्भीर इलाज के लिए झांसी रेफर
निष्पक्ष जन अवलोकन।मनीष सिंह जादौन उरई(जालौन)शादी का जश्न उस वक्त मातम में बदल गया जब बारात के स्वागत के दौरान रिश्तेदार द्वारा की गई हर्ष फायरिंग में चार लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। मामला सिरसा कलार थाना क्षेत्र के ग्राम नियामतपुर स्थित दृश्या गेस्ट हाउस का है। जानकारी के मुताबिक सिकरी रहमानपुर निवासी महेंद्र पाल सिंह चौहान की बेटी की शादी 17 मई को हो रही थी। बारात कानपुर देहात के राजपुर थाना क्षेत्र के इंद्रपुरा गांव से जयवीर सिंह के बेटे की आई थी। रात करीब 12 बजे डीजे पर डांस चल रहा था। उसी दौरान लग्न समारोह के बीच रिश्तेदार डैनी ने हर्ष फायरिंग कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, डैनी के पास दोनाली बंदूक थी। फायरिंग के दौरान कारतूस फंस गया। जब उसे निकालने की कोशिश की जा रही थी, तभी अचानक गोली चल गई। छर्रे उड़कर समारोह में मौजूद चार लोगों को जा लगे। घायलों में वीरन सिंह (50), रामशरण सिंह (55), सोनेलाल (60) और लखन सिंह (45) शामिल हैं। तीन लोगों की हालत गंभीर होने पर उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। घटना के बाद समारोह में अफरा-तफरी मच गई। सभी आपस में रिश्तेदार थे, इसलिए शुरुआत में किसी ने पुलिस को सूचना नहीं दी। लेकिन जब घायलों की हालत बिगड़ने लगी और स्थानीय डॉक्टरों ने इलाज से मना कर दिया, तब पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे चौकी इंचार्ज शिवम सिंह और थाना प्रभारी राजीव वैस ने पुलिस बल के साथ पहुंचकर घायलों को अस्पताल भिजवाया।थाना प्रभारी राजीव वैस ने बताया कि राजेंद्र सिंह की तहरीर पर आरोपी डैनी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और विवाह स्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है।पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।