सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग, उ०प्र० के पदों को शासनादेश दिनांक-14.05.2025 को समाप्त किया जाए

सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग, उ०प्र० के पदों को  शासनादेश दिनांक-14.05.2025 को समाप्त किया जाए

निष्पक्ष जन‌‌‌ अवलोकन/अमर नाथ शर्मा/ सोनभद्र/सिंचाई विभाग के रीढ़ अतिमहत्वपूर्ण पद जैसे उपराजस्व अधिकारी, जिलेदार, मुंशी, हेड मुंशी, पदों की संख्या में कटौती तथा नलकूप चालक, सीचपाल के साथ-साथ मिस्त्री कम ड्राइवर, व अन्य आवश्यक पदों को समाप्त किये जाने के शासनादेश दिनांक 14.05.2025 से कार्मिक समुदाय में अत्यन्त ही रोष व असंतोष व्याप्त है। इसके विरोध में दिनांक 16.05.2025 को विभाग के समस्त मान्यता प्राप्त संगठनों की बैठक में सर्वसम्मति से सिंचाई विभाग संयुक्त कर्मचारी संघर्ष समिति उ०प्र० का गठन किया गया। इसके साथ ही दिनांक-20.05.2025 एवं 21. 05.2025 को काला फीता धारण कर प्रदेश व्यापी विरोध प्रदर्शन किया गया, इसके उपरान्त दिनांक 28.05.2025 को प्रदेश के समस्त कार्यलयों में भोजनावकाश के दौरान गेट मीटिंग के माध्यम से न्याय प्राप्त करने का प्रयास किया गया। सकारात्मक कार्यवाही न होने के कारण प्रदेश के समस्त संवर्गों के कर्मचारियों भारी आक्रोश व्याप्त है। उल्लेखनीय है कि उक्त पदों को अनुपयोगी मानने से विभाग में नहरों, लघुडाल नहरों एवं राजकीय नलकूपों के संचालन, रख-रखाव एवं विभागीय परिसंपत्तियों की सुरक्षा में भारी कठिनाई होना अवश्यम्भावी है। यह कार्मिक ग्राम स्तर पर रहकर किसानों को सिंचाई की सुविधा उपलब्ध कराने में महती भूमिका का निर्वहन पूर्ण निष्ठा से करते हैं। इनकी अनुपस्थिति में पूरी व्यवस्था धरासायी होना सुनिश्चित है। इसके साथ ही लोकप्रिय माननीय मुख्यमंत्री जी का प्रदेश के चतुर्मुखी विकास, युवाओं को अधिक से अधिक रोजगार मुहैया कराये जाने हेतु समस्त रिक्त पदों को भरे जाने एवं आवश्यक नये पदों का सृजन कर उ०प्र० के किसानों को उत्कृष्ट सिंचाई उपलब्ध कराने के दृढ़ संकल्प पर कुठाराघात के समान है। महोदय इस सम्बन्ध में उच्च स्तर पर वार्ता का समय नही दिया जा रहा है, जिससे वार्ता के अभाव में महत्वपूर्ण मांग पर कोई कार्यवाही नहीं हुई हैं। सिंचाई विभाग संयुक्त कर्मचारी संघर्ष समिति उत्तर प्रदेश द्वारा निरन्तर किये जा रहे पत्राचार एवं अनुरोध को भी शासन एवं विभाग द्वारा संज्ञान नही लिया जा रहा है। इन परिस्थितियों में कर्मचारी के समक्ष "करो या मरो" की स्थिति उत्पन्न हो गयी है। उक्त कार्यक्रम में राजेश कुमार सिंह, संजय कुमार चौबे, राकेश कुमार सिंह, ओम प्रकाश महामंत्री एमसीडी, अखिलेश कुमार चौबे, अजय कुमार राठी, अश्विनी कुमार त्रिपाठी, राजेश कुमार,रवि कुमार शर्मा, अजय कुमार भारती आदि कई अन्य लोग उपस्थित रहे