फर्जी पेमेंट एप से ज्वेलरी ठगी का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार
सोना-चांदी व नकदी बरामद, दो अन्य आरोपी फरार
निष्पक्ष जन अवलोकन | अनिल तिवारी |
भदोही। थाना गोपीगंज क्षेत्र में फर्जी पेमेंट एप के माध्यम से सर्राफा व्यापारियों से ज्वेलरी ठगी करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से सोना, चांदी एवं नकदी बरामद की गई है, जबकि दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वादी दिनेश कुमार पाल, निवासी पुरेशम्भु, थाना गोपीगंज, ने सूचना दी थी कि दो अज्ञात व्यक्तियों ने उनकी दुकान पाल ज्वेलर्स (स्टेशन रोड, केडवरिया त्रिमुहानी) से चांदी की पायल (100 ग्राम), कान की झुमकी (1.9 ग्राम) तथा सोने-चांदी का मंगलसूत्र (2 ग्राम) फर्जी पेमेंट एप से भुगतान दिखाकर लेकर फरार हो गए। इसी प्रकार 13 फरवरी 2026 को सीखापुर बाजार स्थित ज्वेलर्स कैलाशनाथ सेठ ने भी दो अज्ञात व्यक्तियों द्वारा फर्जी भुगतान कर सोना-चांदी के आभूषण ले जाने की शिकायत दर्ज कराई।
मामले में पुलिस अधीक्षक भदोही के निर्देशन व अपर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण में गोपीगंज पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए अभियुक्त ज्योतिष दुबे (नदिनी, थाना विन्ध्याचल, मिर्जापुर), अजीत कुमार सिंह (मुल्हवां, थाना पड़री, मिर्जापुर) को गोपीगंज कस्बे से तथा ठगी की ज्वेलरी खरीदने वाले स्वर्ण व्यापारी पवन सेठ (अर्जुनपुर, थाना विन्ध्याचल, मिर्जापुर) को उसके घर से गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों के पास से 2.81 ग्राम सोना (रवा), 176.08 ग्राम चांदी (सिल्ली) एवं 3000 रुपये नकद बरामद हुए। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे ज्वेलर्स की दुकानों से आभूषण लेकर फर्जी फोन पे एप के माध्यम से भुगतान दिखाते थे और बाद में ज्वेलरी को पवन सेठ को बेच देते थे। पुलिस के अनुसार बरामद ज्वेलरी को गलाकर रवा और सिल्ली के रूप में परिवर्तित किया गया था।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। फरार अभियुक्त सौरभ मिश्रा एवं नितिन पाण्डेय की तलाश जारी है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक वीरेन्द्र यादव, बनारसी यादव, जय प्रकाश पाण्डेय, हेड कांस्टेबल मनमोहन व कांस्टेबल अरविन्द यादव शामिल रहे।