मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 26 जोड़ों का हुआ सामूहिक विवाह

राजकीय इंटर कॉलेज महुवरिया में मेगा इवेंट के रूप में आयोजन

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 26 जोड़ों का हुआ सामूहिक विवाह



निष्पक्ष जन अवलोकन | मनोज अग्रहरी | 

मीरजापुर। समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत राजकीय इंटरमीडिएट कॉलेज महुवरिया, मीरजापुर में वृहद सामूहिक विवाह कार्यक्रम (मेगा इवेंट) का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जनपद के विकास खंड सिटी, मीरजापुर से अनुसूचित जाति के 15 एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के 11, कुल 26 जोड़ों का विवाह सकुशल संपन्न कराया गया।

कार्यक्रम के शुभ अवसर पर जनपद न्यायाधीश अरविन्द कुमार मिश्रा, मंडलायुक्त विन्ध्याचल राजेश प्रकाश, जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार, मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने नवविवाहित दंपतियों को आशीर्वाद प्रदान करते हुए उनके सुखद एवं मंगलमय वैवाहिक जीवन की कामना की।

मुख्य विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए, जिला समाज कल्याण अधिकारी राम विलास यादव एवं खंड विकास अधिकारी सिटी ने सभी नवदंपतियों को उपहार सामग्री एवं प्रमाण पत्र वितरित किए। अपने संबोधन में अधिकारियों ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार आर्थिक रूप से कमजोर एवं बेसहारा परिवारों के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना ऐसे जरूरतमंद परिवारों के लिए वरदान साबित हो रही है, जो आर्थिक तंगी के कारण अपनी पुत्रियों का विवाह करने में असमर्थ हैं।

योजना के अंतर्गत प्रति जोड़े की शादी पर कुल 1,00,000 रुपये की सहायता प्रदान की जाती है। इसमें से 60,000 रुपये कन्या के बैंक खाते में सीधे अंतरित किए जाएंगे, जिससे उसके दांपत्य जीवन की खुशहाली और गृहस्थी की स्थापना में सहायता मिल सके। इसके अतिरिक्त 25,000 रुपये की आवश्यक सामग्री, जिसमें वस्त्र, बिछिया, चांदी की पायल एवं अन्य गृहस्थी सामान शामिल हैं, प्रदान किए गए। वहीं 15,000 रुपये प्रति विवाह के हिसाब से भोजन, पंडाल, फर्नीचर, पेयजल, विद्युत एवं अन्य व्यवस्थाओं हेतु आयोजकों को उपलब्ध कराए गए।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में परिजन एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। सामूहिक विवाह समारोह सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।