सावित्रीबाई फुले की पुण्यतिथि पर आयोजित हुआ जागरूकता कार्यक्रम
निष्पक्ष जन अवलोकन | योगेश जायसवाल
लखनऊ। पी.एम. स्कूल में बाबू जगजीवन राम नेशनल फाउंडेशन, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय भारत सरकार के सहयोग से संस्था जनता टेक्निकल एजुकेशनल सोसाइटी द्वारा सावित्रीबाई फुले की पुण्यतिथि के अवसर पर एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन तथा बाबू जगजीवन राम एवं सावित्रीबाई फुले के चित्र पर माल्यार्पण कर मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा किया गया। इसके पश्चात संस्था के पदाधिकारियों ने मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथियों का अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
कार्यक्रम में वक्ताओं रवि कुमार और पंकज सिंह ने सावित्रीबाई फुले के सामाजिक योगदान पर प्रकाश डालते हुए बताया कि उन्होंने समाज में शिक्षा का अलख जगाने का कार्य किया। वक्ता संध्या आलोक सक्सेना ने कहा कि सावित्रीबाई फुले ने समाज की परवाह किए बिना शिक्षा प्राप्त की और देश की पहली महिला शिक्षिका बनकर महिलाओं के लिए प्रेरणा का मार्ग प्रशस्त किया। वक्ता लाली सिंह ने कहा कि एक शिक्षित महिला पूरे परिवार और समाज को शिक्षित करने की क्षमता रखती है।
इसके पश्चात मुख्य अतिथि को संबोधन के लिए आमंत्रित किया गया। उन्होंने कार्यक्रम के उद्देश्य तथा इसके सामाजिक प्रभाव पर विस्तार से चर्चा करते हुए शिक्षा और जागरूकता के महत्व पर बल दिया।
कार्यक्रम में सांस्कृतिक दल द्वारा सरस्वती वंदना, सावित्रीबाई फुले पर आधारित गीत, कविता और नाट्य प्रस्तुतियां दी गईं, जिन्हें उपस्थित लोगों ने खूब सराहा। साथ ही सावित्रीबाई फुले के जीवन पर आधारित निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया।
कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागियों के साथ-साथ विद्यालय में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों की माताओं को भी सम्मानित किया गया। इसके अलावा सभी उपस्थित लोगों को मध्यान्ह भोजन भी वितरित किया गया।
अंत में संस्था की अध्यक्ष शिखा प्रकाश ने संस्था के सदस्यों, विद्यालय प्रबंधन, स्टाफ तथा कार्यक्रम में सहयोग देने वाले सभी लोगों का धन्यवाद और आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम के समापन की घोषणा की।
इस अवसर पर संस्था के सदस्य, विद्यार्थियों के अभिभावक, पूर्णिमा श्रीवास्तव, बृजेश सिंह, मनीष खरे सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन श्रेया अग्रवाल ने किया।








