अगर इस चौखट पर बारात आई तो डोली की जगह अर्थी उठेगी प्रेम प्रसंग का खौफनाक अंत

अगर इस चौखट पर बारात आई तो डोली की जगह अर्थी उठेगी प्रेम प्रसंग का खौफनाक अंत

निष्पक्ष जन अवलोकन।

अंकित तिवारी।

 कानपुर देहात के मंगलपुर थाना क्षेत्र स्थित अकारू गांव मंगलवार को उस समय दहशत और सनसनी से भर गया, जब एक युवक और नाबालिग किशोरी के शव संदिग्ध परिस्थितियों में एक कमरे के भीतर मिले। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक ने कथित रूप से नाबालिग प्रेमिका की धारदार हथियार से हत्या करने के बाद खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही गांव में भारी भीड़ जुट गई, जबकि पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार मृत युवक की उम्र करीब 25 वर्ष बताई जा रही है और वह मूल रूप से औरैया जनपद का निवासी था। वह पिछले कुछ समय से कानपुर देहात में अपनी मामी के घर रह रहा था। इसी दौरान उसकी पड़ोस में रहने वाली एक नाबालिग लड़की से नजदीकियां बढ़ीं और दोनों के बीच प्रेम संबंध होने की चर्चा गांव में थी। मंगलवार को दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद होने की बात सामने आ रही है। आरोप है कि विवाद के बाद युवक ने किशोरी पर धारदार हथियार से हमला कर उसकी गला रेतकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने कमरे के भीतर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। काफी देर तक दोनों के बाहर न आने पर परिजनों को शक हुआ। जब कमरे के अंदर जाकर देखा गया तो दोनों के शव पड़े मिले। यह दृश्य देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई और देखते ही देखते गांव में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही मंगलपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। फोरेंसिक टीम ने मौके से कई अहम साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा दिखाई दे रहा है, लेकिन सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल बना हुआ है।