हजरत इमाम हुसैन की शहादत की याद में रक्तदान शिविर आयोजित, एमडी रितेश जैन ने सबसे पहले किया रक्तदान

निष्पक्ष जन अवलोकन

रत्नाकर पांडेय

टिकैतनगर। हजरत इमाम हुसैन की शहादत की याद में सेवा सदन हॉस्पिटल द्वारा रुदौली चैरिटेबल ब्लड सेंटर के सहयोग से भव्य स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सेवा सदन हॉस्पिटल के एमडी रितेश जैन ने स्वयं रक्तदान कर किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा महादान है और किसी जरूरतमंद को नया जीवन देने का सर्वोत्तम माध्यम भी है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान करने की अपील की।

रक्तदान शिविर में अमृतलाल, निशांत, अशोक तिवारी, पवन कसेरा, अरुण कुमार, अरशद अहमद तथा ग्राम पूर्वा निवासी बद्री सहित कई लोगों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया। रक्तदाताओं ने हजरत इमाम हुसैन की शहादत को मानवता, त्याग और बलिदान का प्रतीक बताते हुए कहा कि उनका जीवन समाज को सेवा, भाईचारे और इंसानियत का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि रक्तदान जैसे पुण्य कार्य के माध्यम से किसी अज्ञात जरूरतमंद की जान बचाई जा सकती है, जो मानव सेवा का सबसे बड़ा कार्य है।

इस अवसर पर सेवा सदन हॉस्पिटल की ओर से जरूरतमंद मरीजों के लिए दो दिनों की निःशुल्क दवाइयों का भी वितरण किया गया। वहीं रक्तदान करने वाले सभी रक्तवीरों को सेवा सदन हॉस्पिटल एवं रुदौली चैरिटेबल ब्लड सेंटर की ओर से रुदौली के प्रसिद्ध इमामबाड़े की आकर्षक प्रतिकृति (मोमेंटो) भेंट कर सम्मानित किया गया। इस सम्मान से रक्तदाताओं का उत्साह और बढ़ा तथा अन्य लोगों को भी रक्तदान के लिए प्रेरणा मिली।

कार्यक्रम में डॉ. अब्दुल अजीज (एमबीबीएस, एमडी, हृदय रोग विशेषज्ञ, मेदांता हॉस्पिटल, लखनऊ), डॉ. आयशा सिंह (एमबीबीएस, स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ), एमडी रितेश जैन सहित सेवा सदन हॉस्पिटल के चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी एवं अन्य स्टाफ मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने एक स्वर में लोगों से नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान करने की अपील करते हुए कहा कि एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।