24 घंटे में बच्चा चोरी का खुलासा: पुलिस ने मासूम को सकुशल बचाया, दंपती समेत 3 गिरफ्तार
निष्पक्ष जन अवलोकन
धीरेन्द्र कुमार
रायबरेली, 8 मई।
रायबरेली पुलिस ने बच्चा चोरी की सनसनीखेज घटना का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने चोरी किए गए तीन माह के मासूम बच्चे को सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया।
जानकारी के अनुसार, थाना भदोखर क्षेत्र स्थित बेला भेला अस्पताल में एक महिला अपने बच्चे के साथ डॉक्टर का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान दो अज्ञात महिलाएं बातचीत के बहाने उसके पास पहुंचीं और मौका पाकर बच्चे को लेकर फरार हो गईं। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में राहुल त्रिवेदी, वर्षा त्रिवेदी और नमिता शामिल हैं। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि शादी के कई वर्षों बाद भी संतान न होने और पहले बच्चे की मौत हो जाने के कारण उन्होंने बच्चा चोरी की साजिश रची थी। योजना के तहत दो महिलाएं अस्पताल पहुंचीं और बच्चे को बहला-फुसलाकर लेकर निकल गईं, जबकि बाहर आरोपी युवक बाइक लेकर इंतजार कर रहा था।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं बच्चे के सकुशल मिलने पर परिजनों ने पुलिस का आभार जताया।









