डीडीयू गोरखपुर विश्वविद्यालय की प्रवेश परीक्षाएं 30 जून से, 27 जून से डाउनलोड होंगे एडमिट कार्ड

डीडीयू गोरखपुर विश्वविद्यालय की स्नातक एवं परास्नातक प्रवेश परीक्षाएं 30 जून से 13 जुलाई तक आयोजित होंगी। प्रवेश पत्र 27 जून से dduguadmission.in पर उपलब्ध होंगे।

डीडीयू गोरखपुर विश्वविद्यालय की प्रवेश परीक्षाएं 30 जून से, 27 जून से डाउनलोड होंगे एडमिट कार्ड

विभव पाठक /ब्यूरो चीफ

निष्पक्ष जन अवलोकन

गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय (डीडीयू) की शैक्षणिक सत्र 2026-27 की स्नातक एवं परास्नातक प्रवेश परीक्षाएं 30 जून से शुरू होंगी। विश्वविद्यालय प्रशासन ने परीक्षा कार्यक्रम जारी कर दिया है। प्रवेश परीक्षाएं 13 जुलाई तक आयोजित की जाएंगी। परीक्षार्थी अपने प्रवेश पत्र 27 जून से विश्वविद्यालय के आधिकारिक प्रवेश पोर्टल dduguadmission.in से डाउनलोड कर सकेंगे।

प्रवेश प्रकोष्ठ के निदेशक प्रो. हर्ष कुमार सिन्हा ने बताया कि इस वर्ष कुल 42 पाठ्यक्रमों के लिए प्रवेश परीक्षाएं आयोजित की जा रही हैं। प्रवेश प्रक्रिया को समयबद्ध ढंग से पूरा करने और नए शैक्षणिक सत्र को निर्धारित समय पर शुरू करने के उद्देश्य से परीक्षाएं तीन पालियों में आयोजित करने का निर्णय लिया गया है।

उन्होंने बताया कि पहली पाली सुबह 9 बजे से 11 बजे तक, दूसरी पाली दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक तथा तीसरी पाली शाम 3 बजे से 5 बजे तक आयोजित होगी। विश्वविद्यालय प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार 30 जून को पहली पाली में डी.फार्मा, दूसरी पाली में एम.एससी. (कृषि) तथा तीसरी पाली में बी.फार्मा की प्रवेश परीक्षा आयोजित होगी। वहीं 1 जुलाई को बी.एससी. (कृषि) ऑनर्स, बी.एससी. (नेचुरल फार्मिंग), एम.ए. (भूगोल), एम.एससी. (बायोटेक्नोलॉजी), एम.ए./एम.एससी. (गणित) और एम.ए. (शिक्षाशास्त्र) की परीक्षाएं अलग-अलग पालियों में संपन्न कराई जाएंगी।

विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार जिन पाठ्यक्रमों में प्रवेश परीक्षा आयोजित नहीं की जा रही है, उनमें प्रवेश की प्रक्रिया जुलाई के प्रथम सप्ताह से प्रारंभ कर दी जाएगी। इससे विद्यार्थियों को समय रहते प्रवेश लेने और कक्षाओं में शामिल होने का अवसर मिलेगा।

कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने कहा कि विश्वविद्यालय का प्रयास है कि प्रवेश प्रक्रिया कम से कम समय में पूरी हो और नया शैक्षणिक सत्र समय से प्रारंभ हो सके। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष प्रवेश परीक्षाओं का विस्तृत कार्यक्रम तैयार किया गया है। उन्होंने अभ्यर्थियों से समय पर प्रवेश पत्र डाउनलोड करने और परीक्षा से संबंधित दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

विश्वविद्यालय की ओर से जारी कार्यक्रम के बाद हजारों अभ्यर्थियों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रवेश परीक्षाओं के सफल आयोजन के लिए प्रशासनिक स्तर पर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।