सम्पूर्ण समाधान दिवस में अधिकारियों ने सुनी जनसमस्याएं, गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के दिए निर्देश
संत कबीर नगर, उत्तर प्रदेश में संत कबीर नगर जिले के तहसील मेहदावल में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना, अपर जिलाधिकारी जयप्रकाश तथा मेहदावल विधानसभा विधायक अनिल त्रिपाठी ने संयुक्त रूप से पहुंचकर फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
शनिवार को आयोजित समाधान दिवस में पुलिस एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों की उपस्थिति में जनसुनवाई की गई। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचे फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का शत-प्रतिशत गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि राजस्व एवं पुलिस विभाग से जुड़े मामलों का निस्तारण आपसी समन्वय और पारदर्शिता के साथ किया जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों ने मौके पर जाकर शिकायतों के सत्यापन और समाधान की प्रक्रिया को प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया। इस दौरान शिकायत पंजिका का निरीक्षण करते हुए पूर्व में निस्तारित मामलों की समीक्षा की गई तथा संबंधित शिकायतकर्ताओं से फीडबैक भी लिया गया। अधिकारियों ने जनसमस्याओं के त्वरित समाधान को शासन की प्राथमिकता बताते हुए आमजन को न्याय दिलाने की प्रतिबद्धता दोहराई। सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर राजस्व एवं पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे।









