संत कबीर नगर में ठगी गिरोह के चार अभियुक्तों को पुलिस ने दबोचा

संत कबीर नगर में ठगी गिरोह के चार अभियुक्तों को पुलिस ने दबोचा

संत कबीर नगर। उत्तर प्रदेश के संत कबीर नगर जिले में कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र में दो लाख रुपये की हुई ठगी का खुलासा करते हुए पुलिस ने शुक्रवार को चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है ।

अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह ने बताया कि गत 22 अप्रैल को गोण्डा निवासी देवेन्द्र कुमार भारती ने शिकायत दर्ज कराई थी कि नेदुला चौराहे पर एक अज्ञात व्यक्ति ने खुद को स्थानीय बताकर उन्हें कपड़े की बाजार दिखाने के बहाने अपने साथ ले लिया। बाद में वन विभाग कार्यालय के पास झांसा देकर उनके बैग से दो लाख रूपये लेकर फरार हो गया। इसी दौरान एक कार में सवार अन्य साथी भी मौके पर पहुंचकर आरोपी को लेकर फरार हो गए। जिन्हे आज गिरफ्तार कर लिया गया है जिनमें ओमकार चौधरी उर्फ बब्बू चौधरी जनपद बस्ती का निवासी है जबकि पिंटू,रामबहादुर शर्मा,रामनयन यादव जनपद संत कबीर नगर के निवासी हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से रुपया 56,000 नगद, एक स्विफ्ट वीडीआई कार और बिना नंबर प्लेट की प्लेटिना मोटरसाइकिल बरामद की है। मुख्य आरोपी ओमकार चौधरी के खिलाफ अयोध्या, बस्ती व बलरामपुर जनपदों में पहले से कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।