वृक्ष पृथ्वी के अस्तित्व के लिए अनिवार्य : डॉ. अमरेंद्र भूषण पाण्डेय
संरक्षक मेजर भागी प्रसाद शर्मा ने कहा कि “एक वृक्ष, दस पुत्र समान” है
संत कबीर नगर। उत्तर प्रदेश में संत कबीर नगर जिले के नगर पंचायत हरिहरपुर स्थित सीबीएसई से संबद्ध के०एस० पाण्डेय पब्लिक एकेडमी में विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर वृक्षारोपण एवं संगोष्ठी का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ संरक्षक मेजर भागी प्रसाद शर्मा द्वारा धरती मां की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया, तत्पश्चात प्रबंध निदेशक डॉ. अमरेंद्र भूषण पाण्डेय एवं प्रबंध निर्देशिका हर्षिता पाण्डेय ने पुष्पार्चन कर कार्यक्रम को आगे बढ़ाया। कार्यक्रम में संस्थापक पंडित परमात्मा प्रसाद पाण्डेय मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर विद्यार्थियों में जागरूकता बढ़ाने हेतु “वृक्ष का महत्व”, “पर्यावरण संरक्षण”, “पृथ्वी बचाओ” एवं “प्रदूषण से बचाव” जैसे विषयों पर निबंध व वाद-विवाद प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रबंध निदेशक डॉ. अमरेंद्र भूषण पाण्डेय ने कहा कि वृक्ष पृथ्वी के अस्तित्व के लिए अनिवार्य हैं और इनके बिना जीवन की कल्पना संभव नहीं है। उन्होंने विद्यार्थियों से पर्यावरण के प्रति संवेदनशील बनने का आह्वान किया। मुख्य अतिथि पंडित परमात्मा प्रसाद पाण्डेय ने विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए उन्हें अधिक से अधिक वृक्ष लगाने के लिए प्रेरित किया। संरक्षक मेजर भागी प्रसाद शर्मा ने कहा कि “एक वृक्ष, दस पुत्र समान” है और प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक वृक्ष अवश्य लगाना चाहिए। वहीं प्रबंध निर्देशिका हर्षिता पाण्डेय ने बढ़ते तापमान पर चिंता व्यक्त करते हुए पीपल, बरगद, नीम व आम जैसे सदाबहार वृक्षों के रोपण पर बल दिया। प्रधानाचार्य आलोक कुमार श्रीवास्तव ने शिक्षकों को निर्देशित किया कि वे विद्यार्थियों के साथ-साथ उनके अभिभावकों को भी वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करें, ताकि यह अभियान जन-जन तक पहुंचे। कार्यक्रम में उत्कर्ष राय, राहुल राय, अंकिता श्रीवास्तव, सविता श्रीवास्तव, रामाज्ञा यादव, योगेंद्र यादव, विनीता कुमारी, मुस्कान मद्धेशिया, नागेन्द्र यादव, सूरज कुमार, मोहन कुमार, मुस्कान पाण्डेय, श्वेता तिवारी, विजेंद्र कुमार, आरिफ खान एवं पुनीता पाण्डेय सहित अनेक शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के सफल संचालन में केयर टेकर माया शर्मा, नेहा कुमारी, रीना, सुकन्या, दीपक कुमार, बबीता, अनीता, सोनू, राम अवध चौधरी, संतोष कुमार एवं रिजवान का विशेष योगदान रहा।









