थाना समाधान दिवस में डीएम-एसपी ने सुनीं फरियादें, पीपा पुल व संजय सेतु का किया निरीक्षण
निष्पक्ष जन अवलोकन।
रामशंकर वर्मा।
बाराबंकी। रामनगर थाना परिसर में आयोजित समाधान दिवस में जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह और पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने करीब एक घंटे तक फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान कुल 12 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से एक का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों के शीघ्र समाधान के लिए पुलिस व राजस्व विभाग की संयुक्त टीम गठित की गई।
समाधान दिवस में आई अधिकांश शिकायतें भूमि विवाद से संबंधित रहीं। जिलाधिकारी ने पूर्व में निस्तारित मामलों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी प्रकरणों का समयबद्ध और गुणवत्ता पूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को अनावश्यक रूप से भटकना न पड़े।
कार्यक्रम के बाद डीएम और एसपी ने प्रशासनिक टीम के साथ सरयू नदी पर बने पीपा पुल का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद संजय सेतु पर चल रहे मरम्मत कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए कार्य को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
इसके अतिरिक्त अधिकारियों ने सरयू नदी में प्रस्तावित खनन स्थल का भी स्थलीय निरीक्षण किया तथा मार्ग और अप्रोच रोड सहित अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी लेकर आवश्यक निर्देश दिए।
इस अवसर पर एसडीएम आनंद कुमार तिवारी, सीओ गरिमा पंत, तहसीलदार विपुल कुमार सिंह, थाना प्रभारी अरुण प्रताप सिंह, नायब तहसीलदार विजय प्रकाश तिवारी, राजस्व निरीक्षक, लेखपाल सहित अन्य संबंधित अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।









