विकास और कानून व्यवस्था पर डीएम व एसएसपी ने पत्रकारों से किया संवाद, गोरखपुर के विकास कार्यों की दी जानकारी
गोरखपुर जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब के 'प्रेस से मिलिए' कार्यक्रम में डीएम दीपक मीणा, एसएसपी डॉ. कौस्तुभ और एसपी ट्रैफिक अमित श्रीवास्तव ने विकास, कानून व्यवस्था और यातायात सुधार पर पत्रकारों से संवाद किया।
विभव पाठक
निष्पक्ष जन अवलोकन
गोरखपुर। गोरखपुर जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब द्वारा आयोजित "प्रेस से मिलिए" कार्यक्रम में शुक्रवार को जिले के विकास, कानून व्यवस्था और यातायात प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। प्रेस क्लब सभागार में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी दीपक मीणा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ तथा पुलिस अधीक्षक यातायात अमित कुमार श्रीवास्तव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ पत्रकार एवं प्रेस क्लब के पूर्व उपाध्यक्ष मृत्युंजय शंकर सिन्हा ने किया।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रेस क्लब पदाधिकारियों द्वारा अतिथियों के स्वागत से हुई। जिलाधिकारी और एसएसपी को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में पत्रकार और प्रेस क्लब के सदस्य उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी दीपक मीणा ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में गोरखपुर तेजी से विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने बताया कि गीडा क्षेत्र में लगातार नए उद्योग स्थापित हो रहे हैं, जिससे रोजगार के अवसर बढ़े हैं। शहर में सड़क चौड़ीकरण, बेहतर कनेक्टिविटी, विरासत गलियारा, गोडधोइया नाला परियोजना सहित कई महत्वपूर्ण विकास कार्य तेजी से चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि बढ़ती आबादी और शहर के विस्तार को देखते हुए आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करना समय की आवश्यकता है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने कहा कि गोरखपुर में पिछले वर्षों की तुलना में अपराधों पर काफी हद तक नियंत्रण स्थापित हुआ है। उन्होंने बताया कि साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। एसएसपी ने कहा कि वर्तमान समय में आत्महत्या और सड़क दुर्घटनाएं गंभीर चिंता का विषय हैं, जिनकी रोकथाम के लिए समाज और मीडिया की सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पुलिसिंग व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं जनोन्मुखी बनाया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक यातायात अमित कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि शहर में चल रहे निर्माण कार्यों के कारण यातायात प्रबंधन चुनौतीपूर्ण है, लेकिन यातायात पुलिस लगातार व्यवस्था सुधारने में जुटी हुई है। उन्होंने नागरिकों से हेलमेट पहनने, वाहनों को निर्धारित स्थान पर पार्क करने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि चालान का उद्देश्य केवल दंड देना नहीं बल्कि लोगों को जागरूक बनाना भी है।
कार्यक्रम के अंत में प्रेस क्लब अध्यक्ष ओंकार धर द्विवेदी ने सभी अतिथियों, पत्रकारों और उपस्थित जनों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर प्रेस क्लब के पदाधिकारी, पूर्व पदाधिकारी एवं शहर के अनेक वरिष्ठ पत्रकार मौजूद रहे।









