खबर का बड़ा असर: पचपेड़वा का सीज सारा क्लीनिक फिर हुआ सील, FIR भी दर्ज
निष्पक्ष जन अवलोकन। पचपेड़वा, बलरामपुर। निष्पक्ष जन अवलोकन की खबर का एक बार फिर बड़ा असर देखने को मिला है। नगर पंचायत पचपेड़वा के जुड़ी कुइयां चौराहे पर स्थित चर्चित सारा क्लीनिक के खिलाफ प्रशासन ने दोबारा सख्त कार्रवाई करते हुए क्लीनिक को फिर से सीज कर दिया है। साथ ही मामले में थाना पचपेड़वा में एफआईआर भी दर्ज कराई गई है। गौरतलब है कि 28 मई को इसी क्लीनिक में इलाज और डिलीवरी के दौरान एक गर्भवती महिला तथा उसके नवजात शिशु की मौत हो गई थी। मृतका की पहचान सुरेश की पत्नी के रूप में हुई थी। घटना के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया था और स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल उठे थे। आरोप है कि क्लीनिक पहले से सीज होने के बावजूद कथित रूप से संचालन जारी था, जिससे विभागीय निगरानी पर भी प्रश्नचिह्न खड़े हो रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन ने पुनः कार्रवाई करते हुए क्लीनिक को सील कर दिया। संवाददाता द्वारा दूरभाष पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक से संपर्क किया गया तो उन्होंने बताया कि सारा क्लीनिक को आज पुनः सीज कर दिया गया है तथा संबंधित प्रकरण में थाना पचपेड़वा में एफआईआर भी दर्ज कराई गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्रभावी कार्रवाई की गई होती तो शायद इतनी बड़ी घटना न होती। ग्रामीणों ने दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। अब देखना यह होगा कि जांच में कौन-कौन जिम्मेदार पाए जाते हैं और प्रशासन इस मामले में आगे क्या कदम उठाता है। फिलहाल सारा क्लीनिक पर हुई दोबारा कार्रवाई क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है तथा लोग प्रशासनिक कार्रवाई पर नजर बनाए हुए हैं।









