सोनभद्र में विद्युत विभाग की घोर लापरवाही से जा रही मासूमों और संविदा कर्मियों की जान, अविनाश कुशवाहा

सोनभद्र में विद्युत विभाग की घोर लापरवाही से जा रही मासूमों और संविदा कर्मियों की जान, अविनाश कुशवाहा

निष्पक्ष जन अवलोकन/अमर नाथ शर्मा सोनभद्र/समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व विधायक/पूर्व जिलाध्यक्ष अविनाश कुशवाहा ने आयोजित प्रेस वार्ता में विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्न उठाते हुए कहा कि विभाग की घोर लापरवाही के कारण आम जनता एवं संविदा कर्मियों की जान लगातार जोखिम में पड़ रही है। उन्होंने कहा कि आए दिन विद्युत विभाग में कार्यरत लाइनमैन तथा अन्य गरीब एवं मेहनतकश संविदा कर्मियों की जान जा रही है, लेकिन हर दुर्घटना के बाद केवल जांच और कार्रवाई का आश्वासन देकर मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया जाता है।उन्होंने कहा कि किसी भी दुर्घटना में संविदा कर्मी की मृत्यु होने पर उसका परिवार असहाय एवं बेसहारा हो जाता है, जबकि जिम्मेदार अधिकारी और सत्ता में बैठे लोग मौन साध लेते हैं। प्रदेश की जनता पहले से ही स्मार्ट मीटर, महंगी बिजली और बार-बार बढ़ते विद्युत शुल्क से परेशान है। वहीं विभागीय भ्रष्टाचार और लापरवाही के चलते बिजली के खंभों को मानकों के विपरीत सीधे मिट्टी में गाड़ दिया जाता है, जिसके कारण वे बारिश और तेज हवा में गिर जाते हैं और संपूर्ण विद्युत व्यवस्था प्रभावित हो जाती है। कई बार ऐसे हादसों में लोगों की जान तक चली जाती है।उन्होंने मांग की कि विद्युत विभाग तत्काल सभी जर्जर तारों एवं खंभों की जांच कर उन्हें दुरुस्त कराए। साथ ही यदि भविष्य में किसी भी प्रकार की जनहानि या दुर्घटना होती है तो संबंधित ठेकेदारों एवं अधिकारियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।