भोपाल के रविंद्र भवन में ‘जय महिषमती’ फिल्म का भव्य प्रीमियर शो सम्पन्न
निष्पक्ष जन अवलोकन। डॉ. उदय शंकर भगत।
वाराणसी/भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल स्थित रविंद्र भवन में ‘जय महिषमती’ फिल्म का भव्य प्रीमियर शो सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य जन एवं कलचुरी हैहय वंश के अनुयायी उपस्थित रहे। फिल्म में कलचुरी हैहय वंश के आराध्य भगवान सहस्त्रबाहु जी के जीवन, महिमा और चमत्कारों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया है।
फिल्म के निर्माता-निर्देशक एल एन मालवीय एवं रामशंकर शिवहरे के अथक प्रयासों तथा राजीव वर्मा के मार्गदर्शन में इस फिल्म का निर्माण किया गया है। सैकड़ों समाजजन प्रीमियर शो में शामिल होकर फिल्म का अवलोकन किया और इसे ऐतिहासिक एवं प्रेरणादायी बताया।
वक्ताओं ने कहा कि सनातन काल से समाज के एक वर्ग द्वारा भगवान सहस्त्रबाहु के प्रति द्वेषपूर्ण प्रचार किया जाता रहा है, यहां तक कि पुराणों में भी उनके व्यक्तित्व को लेकर विवादित उल्लेख मिलते हैं। ऐसे में ‘जय महिषमती’ फिल्म के माध्यम से भगवान सहस्त्रबाहु की महिमा, पराक्रम और लोककल्याणकारी स्वरूप को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास सराहनीय है। समाज के लोगों ने इसे अपनी आस्था और गौरव से जुड़ी ऐतिहासिक पहल बताया।
प्रीमियर शो में भोपाल की महापौर मालती राय, श्रीमती अर्चना जायसवाल (इंदौर), श्री जयनारायण चौकसे, पूर्व विंग कमांडर विनोद राय, श्री एम.एल. राय, श्रीमती मंजू राय, पूर्व मंत्री श्रीमती कल्पना राय, श्री कौशल राय, श्री राजन सेवईवार, श्री पंकज चौकसे सहित मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए कलचुरी समाज के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान श्री एल.एन. मालवीय ने सभी अतिथियों का शाल, श्रीफल एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन श्री प्रकाश राय ने किया। उपस्थित जनों ने फिल्म की सराहना करते हुए इसे समाज के इतिहास और सांस्कृतिक विरासत को सशक्त रूप से प्रस्तुत करने वाला प्रयास बताया।