रेलवे ट्रैक किनारे झाड़ियों में मिला युवक का शव, पहचान में जुटी पुलिस
निष्पक्ष जन अवलोकन
रामशंकर वर्मा।
रामनगर, बाराबंकी। थाना क्षेत्र में सोमवार को चौकाघाट रेलवे स्टेशन के निकट दुर्गापुर मोड़ के पास रेलवे ट्रैक किनारे झाड़ियों में करीब एक सप्ताह पुराना युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। मृतक की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार रेलवे कर्मचारियों ने रेलवे लाइन के किनारे झाड़ियों में एक युवक का शव पड़ा देखा, जिसके बाद तत्काल इसकी सूचना रामनगर पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ कर शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया, लेकिन कोई सफलता नहीं मिल सकी।
पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र लगभग 20 वर्ष प्रतीत हो रही है। शव काफी पुराना होने के कारण उसकी पहचान करना मुश्किल हो रहा है। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय स्थित मोर्चरी भेज दिया गया है।
घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। स्थानीय लोग आशंका जता रहे हैं कि युवक ट्रेन से गिरकर हादसे का शिकार हुआ है या फिर उसकी हत्या कर शव को रेलवे ट्रैक के किनारे फेंका गया है। पुलिस दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
कोतवाल अरुण प्रताप सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला ट्रेन से गिरकर मौत होने का प्रतीत होता है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है तथा मृतक की पहचान कराने के लिए आसपास के थानों और संबंधित एजेंसियों से भी संपर्क किया जा रहा है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही घटना के संबंध में स्पष्ट स्थिति सामने आ सकेगी।









