साइबर ठगी के शिकार युवक को शिवली पुलिस ने लौटाए ₹22,930, पीड़ित ने जताया आभार

साइबर ठगी के शिकार युवक को शिवली पुलिस ने लौटाए ₹22,930, पीड़ित ने जताया आभार

निष्पलह जन अवलोकन।

अंकित तिवारी।

कानपुर देहात में साइबर अपराध पर अंकुश लगाने की दिशा में उत्तर प्रदेश पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना शिवली क्षेत्र के ग्राम कुरमिन निवादा निवासी जितेन्द्र सिंह साइबर ठगी का शिकार हो गए थे। साइबर ठगों ने उनका फोन हैक कर खाते से ₹22,930 ट्रांसफर कर लिए थे। घटना के बाद पीड़ित ने 8 जून 2026 को थाना शिवली स्थित साइबर हेल्प डेस्क पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही शिवली पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच शुरू की और संबंधित बैंकिंग व तकनीकी प्रक्रिया के जरिए कार्रवाई की। लगातार प्रयासों के बाद 25 जून 2026 को पुलिस टीम ने पीड़ित की पूरी धनराशि ₹22,930 वापस उसके खाते में सफलतापूर्वक लौटवा दी। पूरी रकम वापस मिलने पर शिकायतकर्ता जितेन्द्र सिंह ने शिवली पुलिस का धन्यवाद व्यक्त किया। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि मोबाइल फोन खोने पर तुरंत CEIR पोर्टल या संचार साथी ऐप पर शिकायत दर्ज करें। वहीं ऑनलाइन फ्रॉड होने पर बिना देरी 1930 हेल्पलाइन पर कॉल करें या राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। इस सराहनीय कार्य में निरीक्षक अमरेन्द्र बहादुर सिंह, उपनिरीक्षक सोमवीर सिंह, कंप्यूटर ऑपरेटर अतुल कुमार और महिला कांस्टेबल प्रीति सोनकर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।