भारत भाग्य विधाता फिल्म देखकर प्रेरित हुए लीलावती हेल्थ केयर के नर्सिंग छात्र-छात्राएं

गोरखपुर के लीलावती हेल्थ केयर एंड स्किल ट्रेनिंग सेंटर के नर्सिंग छात्रों ने फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ देखकर नर्सिंग सेवा, त्याग और मानवता के प्रति समर्पण का संकल्प लिया।

भारत भाग्य विधाता फिल्म देखकर प्रेरित हुए लीलावती हेल्थ केयर के नर्सिंग छात्र-छात्राएं
फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ के प्रदर्शन के दौरान उपस्थित लीलावती हेल्थ केयर के छात्र-छात्राएं व प्रशिक्षक।

विभव पाठक /ब्यूरो चीफ

निष्पक्ष जन अवलोकन 

गोरखपुर। लीलावती हेल्थ केयर एंड स्किल ट्रेनिंग सेंटर, पतरा बाजार, गोरखपुर के नर्सिंग असिस्टेंट कोर्स में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं ने आईनॉक्स एसआरएस में प्रदर्शित फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ का अवलोकन किया। फिल्म के माध्यम से विद्यार्थियों को भारतीय नर्सों के साहस, समर्पण और निस्वार्थ सेवा भाव को निकट से समझने का अवसर मिला।

फिल्म में मुंबई के ताज होटल पर हुए आतंकवादी हमले के दौरान 15 नर्सों द्वारा अपने प्राणों की परवाह किए बिना लगभग 400 मरीजों की जान बचाने की प्रेरणादायक घटना को दर्शाया गया है। इस दृश्य ने छात्र-छात्राओं को भावुक कर दिया और उनके मन में नर्सिंग पेशे के प्रति सम्मान और बढ़ गया।

विद्यार्थियों ने कहा कि जिस प्रकार सेना और पुलिस के जवान देश एवं समाज की सुरक्षा के लिए समर्पित रहते हैं, उसी प्रकार नर्सों की वर्दी भी सेवा, त्याग और मानवता का प्रतीक है। फिल्म से प्रेरित होकर उन्होंने संकल्प लिया कि वे भविष्य में बिना किसी भेदभाव के मरीजों की सेवा करेंगे और अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करेंगे।

यह शैक्षिक एवं प्रेरणात्मक भ्रमण सेंटर के प्रमुख डॉ. चंद्रशेखर त्रिपाठी के नेतृत्व में आयोजित किया गया। इस अवसर पर प्रशिक्षक विनीता पाठक, रंजना त्रिपाठी एवं सिवान शेखर त्रिपाठी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

फिल्म प्रदर्शन के अलावा छात्र-छात्राओं ने गोरखपुर स्थित बौद्ध संग्रहालय, चिड़ियाघर तथा नौकाबिहार का भी भ्रमण किया। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने शहर में हुए व्यापक विकास कार्यों को देखा और गोरखपुर के बदलते स्वरूप की सराहना करते हुए प्रदेश सरकार एवं मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।