राम मंदिर दान चोरी मामले पर कांग्रेस का प्रदर्शन, निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन

गोरखपुर में कांग्रेस ने राम मंदिर दान चोरी मामले को लेकर प्रदर्शन किया। राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।

राम मंदिर दान चोरी मामले पर कांग्रेस का प्रदर्शन, निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन
राम मंदिर दान चोरी मामले की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन करते कांग्रेस कार्यकर्ता।

विभव पाठक / ब्यूरो चीफ 

निष्पक्ष जन अवलोकन 

गोरखपुर। राम मंदिर में चढ़ावे और दान राशि में कथित चोरी के मामले को लेकर बुधवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के निर्देश पर आयोजित इस कार्यक्रम का नेतृत्व जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश कुमार तिवारी तथा महानगर अध्यक्ष रवि प्रताप निषाद ने संयुक्त रूप से किया। प्रदर्शन के बाद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी के माध्यम से महामहिम राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग की।

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष राजेश कुमार तिवारी ने कहा कि राम मंदिर करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र है। ऐसे पवित्र स्थल पर दान और चढ़ावे में अनियमितता अथवा चोरी की खबरें सामने आना अत्यंत गंभीर विषय है। उन्होंने कहा कि यह केवल आर्थिक अनियमितता का मामला नहीं, बल्कि श्रद्धालुओं की भावनाओं और विश्वास से जुड़ा मुद्दा है। इसलिए मामले की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई को सार्वजनिक किया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि यदि किसी स्तर पर दोषी पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए। कांग्रेस पार्टी किसी भी प्रकार की लीपापोती या मामले को दबाने के प्रयास का विरोध करेगी और जनता की आवाज को मजबूती से उठाती रहेगी।

महानगर अध्यक्ष रवि प्रताप निषाद ने कहा कि धार्मिक स्थलों की गरिमा बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। श्रद्धालुओं द्वारा दान की गई राशि का उपयोग पारदर्शी ढंग से होना चाहिए। यदि कहीं भी अनियमितता हुई है तो उसकी निष्पक्ष जांच आवश्यक है, ताकि जनता का विश्वास बना रहे।

ज्ञापन में कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि पूरे प्रकरण की स्वतंत्र जांच कराकर दोषियों को कानून के दायरे में लाया जाए तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी व्यवस्था लागू की जाए।

इस दौरान कमल किशोर, गोरखलाल श्रीवास्तव, नवीन सिन्हा, प्रमोद नायक, संतेंद्र निषाद, हजारी लाल जायसवाल, संतोष उपाध्याय, विशाल तिवारी, व्यास मुनि उपाध्याय समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।