गोरखपुर में ट्रिपल मर्डर से सनसनी, नाबालिग भाई पर बड़े भाई, भाभी और भतीजे की हत्या का आरोप

गोरखपुर के बांसगांव क्षेत्र में ट्रिपल मर्डर से सनसनी फैल गई। नाबालिग पर बड़े भाई, भाभी और तीन वर्षीय भतीजे की हत्या का आरोप है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर जांच शुरू की।

गोरखपुर में ट्रिपल मर्डर से सनसनी, नाबालिग भाई पर बड़े भाई, भाभी और भतीजे की हत्या का आरोप
ट्रिपल मर्डर के शिकार अमित गुप्ता, पत्नी रंजना गुप्ता और पुत्र रेयांश गुप्ता।

विभव पाठक / ब्यूरो चीफ

निष्पक्ष जन अवलोकन 

गोरखपुर। बांसगांव थाना क्षेत्र के बलुआ बुजुर्ग गांव में सोमवार तड़के हुए ट्रिपल मर्डर ने पूरे इलाके को दहला दिया। एक ही परिवार के तीन लोगों की निर्मम हत्या से गांव में शोक और दहशत का माहौल है। पुलिस के अनुसार, पारिवारिक विवाद के चलते एक नाबालिग पर अपने बड़े भाई, भाभी और तीन वर्षीय भतीजे की हत्या करने का आरोप है। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी बाल अपचारी को हिरासत में ले लिया है।

जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह करीब तीन बजे अमित गुप्ता (35), उनकी पत्नी रंजना गुप्ता (32) और तीन वर्षीय पुत्र रेयांश गुप्ता अपने कमरे में सो रहे थे। इसी दौरान आरोपी नाबालिग ने कथित रूप से उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमला इतना गंभीर था कि तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।

सूचना मिलने पर बांसगांव पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, पुलिस अधीक्षक दक्षिणी तथा अन्य अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और जांच-पड़ताल की। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए।

पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक पूछताछ और जांच में पारिवारिक विवाद की बात सामने आई है। हालांकि अभी तक घटना के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है ताकि घटना के सही कारणों का पता लगाया जा सके।

मृतक अमित गुप्ता के पिता हरिलाल की तहरीर पर बांसगांव थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी बाल अपचारी को हिरासत में लेकर हत्या में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया है।

इस दर्दनाक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की जा रही है तथा सभी तथ्यों को सामने लाने के लिए हर पहलू पर कार्य किया जा रहा है।