गोरखपुर: ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत रेलवे हॉस्पिटल में पौधरोपण

गोरखपुर के ललित नारायण मिश्रा रेलवे हॉस्पिटल में मेडिकल डायरेक्टर डॉ. ए. ए. खान ने आंवले का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

गोरखपुर: ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत रेलवे हॉस्पिटल में पौधरोपण
पूर्वोत्तर रेलवे हॉस्पिटल परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत आंवले का पौधा रोपित करते मेडिकल डायरेक्टर डॉ. ए. ए. खान एवं क्षेत्रीय परामर्शदात्री सदस्य प्रिया कुमारी।

विभव पाठक /ब्यूरो चीफ

निष्पक्ष जन अवलोकन 

गोरखपुर। ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत शनिवार को ललित नारायण मिश्रा पूर्वोत्तर रेलवे हॉस्पिटल परिसर में पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पूर्वोत्तर रेलवे हॉस्पिटल के मेडिकल डायरेक्टर डॉ. ए. ए. खान ने अस्पताल परिसर स्थित पार्क में आंवले का पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

कार्यक्रम में पूर्वोत्तर रेलवे की क्षेत्रीय परामर्शदात्री समिति की सदस्य प्रिया कुमारी भी उपस्थित रहीं। पौधरोपण के बाद डॉ. ए. ए. खान ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधे लगाने चाहिए। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी भी है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान देशभर में जनआंदोलन का रूप ले रहा है। यदि प्रत्येक व्यक्ति हर वर्ष कम से कम एक पौधा लगाए और उसकी देखभाल करे, तो पर्यावरणीय चुनौतियों से काफी हद तक निपटा जा सकता है। उन्होंने लोगों से इस अभियान को सफल बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

डॉ. खान ने आंवले के पौधे के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह एक अत्यंत उपयोगी और औषधीय गुणों से भरपूर फलदार वृक्ष है। आंवला स्वास्थ्य के लिए लाभकारी माना जाता है तथा इसमें अनेक पोषक तत्व पाए जाते हैं। यह बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों सभी के लिए समान रूप से उपयोगी है।

उन्होंने कहा कि वृक्ष न केवल फल और औषधीय लाभ प्रदान करते हैं, बल्कि वातावरण को शुद्ध रखने और प्रदूषण कम करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। बढ़ते पर्यावरणीय संकट को देखते हुए पौधरोपण और वृक्ष संरक्षण की आवश्यकता पहले से कहीं अधिक बढ़ गई है।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने भी पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया और अधिक से अधिक पौधे लगाने का आह्वान किया।