कान्हा उपवन गौशाला पहुंचे नगर आयुक्त अजय जैन, अव्यवस्थाओं पर जताई नाराजगी
गोरखपुर के कान्हा उपवन गौशाला के निरीक्षण में नगर आयुक्त अजय जैन ने कई कमियां पकड़ीं। पशुओं की बेहतर देखभाल और सुरक्षा के लिए सख्त निर्देश दिए।
विभव पाठक / ब्यूरो चीफ
निष्पक्ष जन अवलोकन
गोरखपुर। महेवा स्थित कान्हा उपवन गौशाला के औचक निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त अजय जैन को कई अव्यवस्थाएं मिलीं, जिस पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों और संचालक संस्था को तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए। नगर आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि गौशाला में पशुओं की देखभाल और सुरक्षा के मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
18 जून की सुबह करीब 8 बजे किए गए निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ प्रभारी कान्हा उपवन एवं अपर नगर आयुक्त प्रमोद कुमार, सहायक नगर आयुक्त सुरेंद्र प्रताप सिंह, पशु कल्याण अधिकारी रॉबिन चंद्रा तथा संचालक संस्था आईडीएस इंटरप्राइजेज के प्रतिनिधि राजकुमार नायक सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
निरीक्षण में पाया गया कि बीमार और कमजोर गौवंश, सांड तथा छोटे बछड़ों को एक ही स्थान पर रखा गया है। इस व्यवस्था पर नाराजगी व्यक्त करते हुए नगर आयुक्त ने निर्देश दिया कि बीमार एवं कमजोर पशुओं, छोटे बछड़ों और सांडों के लिए अलग-अलग शेड बनाए जाएं, ताकि उनकी देखभाल बेहतर तरीके से हो सके और किसी प्रकार की दुर्घटना या संक्रमण की संभावना न रहे।
उन्होंने सभी शेडों के बीच मजबूत बैरिकेडिंग कराने तथा प्रवेश द्वारों को सुरक्षित बनाने के निर्देश भी दिए। इसके साथ ही पशुओं के लिए उपलब्ध भूसा, चोकर, हरा चारा और साइलेज के स्टॉक का निरीक्षण किया और पर्याप्त मात्रा में चारा उपलब्ध रखने को कहा।
नगर आयुक्त ने गौशाला परिसर को अधिक व्यवस्थित और सुविधायुक्त बनाने के लिए बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण, सीसीटीवी कैमरों की स्थापना, पशुओं को नहलाने हेतु प्रेशर पंप की व्यवस्था तथा सभी शेडों के चारों ओर टाट लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे पशुओं को मौसम के प्रभाव से बचाने में मदद मिलेगी।
निरीक्षण के अंत में नगर आयुक्त अजय जैन ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी कमियों को प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाए। उन्होंने कहा कि गौवंश की सुरक्षा, स्वास्थ्य और उचित देखभाल नगर निगम की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसके लिए नियमित निरीक्षण जारी रहेंगे।









