आगामी मोहर्रम पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराए जाने के दृष्टिगत थाना मानिकपुर में पुलिस अधीक्षक चित्रकूट की अध्यक्षता में पीस कमेटी की बैठक आयोजित
निष्पक्ष जन अवलोकन। । शिवसंपत करवरिया। चित्रकूट ।आगामी मोहर्रम पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराए जाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक चित्रकूट अरुण कुमार सिंह की अध्यक्षता तथा उपजिलाधिकारी मानिकपुर मो. जाशीम एवं क्षेत्राधिकारी मऊ फहद अली की उपस्थिति में थाना मानिकपुर परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, धर्मगुरुओं, ताजियादारों, जनप्रतिनिधियों तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों की उपस्थिति रही। पुलिस अधीक्षक द्वारा उपस्थित लोगों से मोहर्रम पर्व को आपसी भाईचारे एवं सौहार्द के साथ मनाने की अपील की गई तथा पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करने का अनुरोध किया गया। बैठक में बताया गया कि ताजिये की कुल ऊँचाई वाहन सहित 12 फीट से अधिक नहीं होनी चाहिए। साथ ही सभी जुलूसों के मार्गों का पूर्व निर्धारित कर लिया गया है, जिनका पालन सुनिश्चित किया जाएगा। बैठक के दौरान उपस्थित लोगों की समस्याओं एवं सुझावों को सुना गया तथा उनके निराकरण हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। उन्होंने बताया कि मोहर्रम पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक प्रबंध किए गए हैं। संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी तथा सोशल मीडिया पर भी सतर्क निगरानी रखी जाएगी। शांति एवं कानून-व्यवस्था भंग करने वाले तत्वों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पीस कमेटी की बैठक में प्रभारी निरीक्षक मानिकपुर अजीत कुमार पाण्डेय, प्रभारी निरीक्षक मऊ श्रीप्रकाश यादव, धर्मगुरु, क्षेत्र के संभ्रांत नागरिक तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।









