मोहर्रम को लेकर जिला स्तरीय पीस कमेटी की बैठक संपन्न, व्यवस्थाओं को लेकर कुछ लोगों ने जताई नाराजगी

मोहर्रम को लेकर जिला स्तरीय पीस कमेटी की बैठक संपन्न, व्यवस्थाओं को लेकर कुछ लोगों ने जताई नाराजगी

निष्पक्ष जन अवलोकन

 रत्नाकर पांडेय

बाराबंकी। मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने तथा उत्तर प्रदेश शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुपालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित लोक सभागार में जिला स्तरीय पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न सामाजिक संगठनों, व्यापारिक संगठनों, नगर निकायों के प्रतिनिधियों, मोहर्रम कमेटी के पदाधिकारियों एवं विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

बैठक में जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित लोगों से आपसी भाईचारा, सौहार्द एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की तथा शासन द्वारा जारी गाइडलाइन की जानकारी दी। मोहर्रम जुलूसों के दौरान सुरक्षा, यातायात व्यवस्था एवं शांति बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।

बैठक के दौरान कुछ प्रतिभागियों ने पेयजल व्यवस्था को लेकर असंतोष व्यक्त किया। उपस्थित कुछ सामाजिक एवं व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों का कहना था कि गर्मी के मौसम को देखते हुए बेहतर व्यवस्था की अपेक्षा थी। इस संबंध में प्रशासनिक अधिकारियों का पक्ष समाचार लिखे जाने तक प्राप्त नहीं हो सका।

उधर, प्रमुख समाजसेवी एवं सभासद ताज बाबा राईन के आवास पर भी मोहर्रम कमेटी की एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में मोहर्रम कमेटी के अध्यक्ष ताज बाबा राईन ने सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह, अराजकता अथवा कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों से बचना आवश्यक है।

बैठक में ताजिया एवं अलम की निर्धारित ऊंचाई का पालन करने तथा किसी भी प्रकार के अस्त्र-शस्त्र के प्रदर्शन से परहेज करने पर भी जोर दिया गया। उपस्थित लोगों ने प्रशासन के साथ सहयोग कर मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर एएसपी उत्तरी विकास चंद्र त्रिपाठी, नगर पालिका परिषद नवाबगंज के अधिशासी अधिकारी संजय कुमार शुक्ला, देवा नगर पंचायत अध्यक्ष हारून वारसी, हैदरगढ़ चेयरमैन आलोक तिवारी, पूर्व चेयरमैन रियाज अहमद, मुन्ना राइन, याकूब नेता, नीरज वर्मा सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं मोहर्रम कमेटियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।