सातवें बड़े मंगल पर क्षेत्रभर में भव्य भंडारों का आयोजन, भक्तों ने ग्रहण किया प्रसाद
निष्पक्ष जन अवलोकन
रामशंकर वर्मा / रत्नाकर पांडेय
रामनगर/टिकैतनगर (बाराबंकी)। ज्येष्ठ माह के सातवें बड़े मंगलवार के अवसर पर रामनगर एवं टिकैतनगर क्षेत्र में श्रद्धा, भक्ति और सेवा का अद्भुत संगम देखने को मिला। हनुमान मंदिरों एवं विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर समाजसेवियों, धार्मिक संगठनों और श्रद्धालुओं द्वारा विशाल भंडारों का आयोजन किया गया, जहां हजारों लोगों ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया। पूरे दिन क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा।
रामनगर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में सीएचसी अधीक्षक डॉ. प्रणव श्रीवास्तव एवं डॉ. स्वप्निल सिंह ने महाबली हनुमान जी की पूजा-अर्चना कर भंडारे का शुभारंभ किया। इस अवसर पर डॉ. हाशिम अंसारी, डॉ. सना हुसैन, फार्मासिस्ट प्रदीप पांडेय, खालिद, राम अनुज, यशपाल सिंह, संजय मिश्रा एवं समीर अहमद ने श्रद्धालुओं को पूड़ी-सब्जी एवं बूंदी प्रसाद वितरित किया।
क्षेत्र के कादिराबाद, वाल्मीकि मंदिर, ब्लॉक मुख्यालय, बस स्टॉप, बुढ़वल चौराहा, अमोली कीरतपुर, अल्लापुर रानीमऊ तथा रामनगर-फतेहपुर मार्ग सहित अनेक स्थानों पर भंडारे आयोजित किए गए। श्रद्धालुओं को पूड़ी-सब्जी, छोले-चावल, बूंदी एवं शरबत का प्रसाद वितरित किया गया। कई स्थानों पर सुंदरकांड पाठ, भजन-कीर्तन एवं धार्मिक अनुष्ठानों का भी आयोजन हुआ।
वहीं टिकैतनगर स्थित बाबा आनंद निगम जी के पावन राम-जानकी मंदिर में भी सातवें बड़े मंगल पर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ एसएसआई रूपेश मिश्रा ने किया। पीडी जैन इंटर कॉलेज में भंडारे एवं जवाबी कीर्तन का आयोजन हुआ, जबकि उत्तर फाटक हनुमान मंदिर, रेवड़ा ग्राम एवं अन्य स्थानों पर भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।
इस दौरान पूर्व विधायक शरद कुमार अवस्थी, ब्लॉक प्रमुख संजय तिवारी, बाबा बोधायन दास, अलका मिश्रा, कमलेश अवस्थी, राजेश शर्मा फक्कड़, रंजीत गुप्ता सहित अनेक गणमान्य लोगों ने भंडारों में पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया। पूरे दिन बजरंगबली के जयकारों से क्षेत्र गुंजायमान रहा और श्रद्धालु भक्ति रस में डूबे नजर आए।









