सड़क किनारे मिला युवक का क्षत-विक्षत शव, क्षेत्र में फैली सनसनी

निष्पक्ष जन अवलोकन। रामशंकर वर्मा।

रामनगर, बाराबंकी। थाना क्षेत्र के ग्राम राहटा निवासी 35 वर्षीय पवन पुत्र सोमवारी का शव शनिवार सुबह सूरतगंज-महादेवा मार्ग पर अमराई गांव के पास क्षत-विक्षत अवस्था में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।

सूचना मिलने पर महादेवा चौकी प्रभारी रजनीश पांडेय पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

परिजनों के अनुसार पवन शुक्रवार को किसी कार्य से घर से निकले थे, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटे। काफी खोजबीन के बावजूद उनका कोई पता नहीं चल सका। शनिवार सुबह ग्रामीणों ने सड़क किनारे एक व्यक्ति का क्षत-विक्षत शव देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी।

बाद में शव की पहचान राहटा निवासी पवन के रूप में हुई। सूचना मिलते ही परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए। शव देखते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से हुई सड़क दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।

पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा घटनास्थल के आसपास के संभावित साक्ष्यों को भी खंगाला जा रहा है। मामले की जांच जारी है।