रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के संभावित आगमन को लेकर डीएम ने परखी तैयारियां, अधिकारियों को दिए निर्देश
निष्पक्ष जन अवलोकन। शिवम् सिकरवार ब्यूरो चीफ आगरा आगरा। वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की प्रतिमा के अनावरण एवं प्रस्तावित जनसभा कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। शनिवार को जिलाधिकारी मनीष बंसल ने कस्बा शमसाबाद पहुंचकर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के संभावित आगमन के दृष्टिगत प्रतिमा अनावरण स्थल और जनसभा स्थल का निरीक्षण किया तथा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कार्यक्रम स्थल पर साफ-सफाई, मंच व्यवस्था, बैठने की क्षमता, ध्वनि प्रणाली, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, बैरिकेडिंग, पार्किंग, हेलीपेड तथा सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा की। उन्होंने पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। साथ ही मंचीय व्यवस्था, डाइस प्लान, प्रतिमा अनावरण स्थल तथा जनसभा में उपस्थित रहने वाले गणमान्य व्यक्तियों की सूची तैयार करने को कहा। जिलाधिकारी ने भीषण गर्मी को देखते हुए पेयजल की समुचित व्यवस्था, छायादार पंडाल, पार्किंग स्थलों के चयन तथा शौचालयों की स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से पूर्ण कर ली जाएं ताकि कार्यक्रम का सफल आयोजन सुनिश्चित हो सके। उन्होंने ट्रैफिक प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था और जनसभा स्थल पर कुर्सी, छाया एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता का भी निरीक्षण किया। बताया गया कि कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के मंत्री, जनपद प्रभारी मंत्री भूपेंद्र चौधरी, विधायक एवं अन्य जनप्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है। निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस आयुक्त सचिन्द्र पटेल, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) आजाद भगत सिंह, एसडीएम फतेहाबाद आईएएस स्वाति शर्मा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।









