गृह विज्ञान विभाग की 4 दिवसीय केंटीन का समापन, छात्राओं की पाक कला की सराहना

गृह विज्ञान विभाग की 4 दिवसीय केंटीन का समापन, छात्राओं की पाक कला की सराहना

निष्पक्ष जन अवलोकन हमीरपुर। कस्बा स्थित ब्रह्मानंद महाविद्यालय के गृह विज्ञान विभाग में 10 फरवरी से 13 फरवरी तक आयोजित 4 दिवसीय केंटीन कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्वक हुआ। समापन अवसर पर मुख्य अतिथि थाना प्रभारी राकेश कुमार सिंह ने स्वामी ब्रह्मानंद जी के चित्र पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्वलित किया और कार्यक्रम का शुभारंभ किया। छात्राओं ने अतिथियों का माल्यार्पण व स्वागत किया। कार्यक्रम की शुरुआत में छात्रा नेहा और शाहिस्ता ने बताया कि इस केंटीन का उद्देश्य केवल भोजन बनाना नहीं, बल्कि स्वच्छता, पोषणयुक्त आहार और बेहतर पाक कौशल सीखना है। इस दौरान छात्राओं ने विभिन्न पारंपरिक और आधुनिक व्यंजन तैयार कर अतिथियों के समक्ष प्रस्तुत किए। अतिथियों ने छात्राओं तथा विभागीय शिक्षकों के प्रयासों की सराहना की। विभाग की प्राध्यापिकाएं डॉ शीला सिंह, डॉक्टर कमलेश राजपूत, डॉ प्रियंका श्रीवास्तव और डॉ शिल्पा राजपूत ने छात्राओं को पाकशाला से जुड़े उपयोगी सुझाव दिए। मुख्य अतिथि राकेश कुमार सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि आज की छात्राएं शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और विज्ञान सहित हर क्षेत्र में सफलता प्राप्त कर रही हैं। उन्होंने देश का नाम रोशन करने वाली बेटियों का उदाहरण देते हुए छात्राओं को प्रेरित किया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ सुरेंद्र सिंह ने छात्राओं की मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि पाककला एक महत्वपूर्ण कला है, जिसे रुचि और लगन से करने पर यह अधिक उपयोगी और लाभकारी बनती है। छात्राओं ने गाजर का शाही हलवा, इडली-सांभर, आलू-पनीर पराठा, नगेट्स, अलसी व तिल के लड्डू, वेज चीला, छोले-भटूरे, शाही मैक्रोनी, चाउमीन, मोमोज, सूप, चाय-कॉफी सहित कई व्यंजन तैयार किए। संयोजिका डॉ शीला सिंह के अनुसार छात्राएं प्रतिदिन लगभग 10 नई रेसिपी बनाकर सीख रही थीं। कार्यक्रम में महिला थाना प्रभारी सरिता शर्मा तथा बंदना सिंह ने मिशन शक्ति से जुड़े सवालों के जवाब भी दिए। इस अवसर पर महाविद्यालय के कई प्राध्यापक व छात्राएं उपस्थित रहीं। छात्राओं काजल, संजना, कुंती, स्नेहा, रजनी, भारती, कोमल, अंजलि, सपना, नेहा कुशवाहा, सुमरा, शुभा, वीरवती, सोनम, सूफिया आदि ने कार्यक्रम में प्रमुख भूमिका निभाई।