मंदिर के जीर्णोद्धार को लेकर विवाद, पुलिस ने कराया शांत

निष्पक्ष जन अवलोकन

मंदिर के जीर्णोद्धार को लेकर विवाद, पुलिस ने कराया शांत

बदायूं/बिल्सी। कोतवाली क्षेत्र के गांव बैरमई बुजुर्ग में शुक्रवार की सुबह एक प्राचीन मंदिर के जीर्णोद्धार कार्य को लेकर विवाद की स्थिति बन गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामला शांत करा दिया। गांव के प्रधान पति रामसिंह शाक्य ने आरोप लगाया कि गांव स्थित प्राचीन मंदिर के जीर्णोद्धार के लिए ग्रामीण एकत्र होकर कार्य शुरू कर रहे थे। इसी दौरान उनके ही समुदाय के एक व्यक्ति ने उक्त स्थान को अपनी निजी भूमि बताते हुए निर्माण कार्य रुकवाने का प्रयास किया। इस पर वहां मौजूद लोगों में कहासुनी होने लगी और भीड़ एकत्र हो गई। स्थिति बिगड़ती देख ग्रामीणों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई और दोनों पक्षों को शांत कराया। क्राइम इंस्पेक्टर वीके मौर्य ने बताया कि मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया है। दोनों पक्षों को समझा दिया गया है और फिलहाल गांव में शांति व्यवस्था कायम है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।