कानपुर देहात में खाद्य विभाग की बड़ी कारवाही 21.14 लाख रुपये का मसाला व खाद्य पदार्थ सीज, 5 फैक्ट्रियों से लिए गए नमूने

कानपुर देहात में खाद्य विभाग की बड़ी कारवाही 21.14 लाख रुपये का मसाला व खाद्य पदार्थ सीज, 5 फैक्ट्रियों से लिए गए नमूने

निष्पक्ष जन अवलोकन।

 अंकित तिवारी।

कानपुर देहात। जनपद में मिलावटखोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच मसाला निर्माण इकाइयों पर छापेमारी की। इस दौरान विभिन्न प्रकार के मसालों और खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए, वहीं संदिग्ध गुणवत्ता के भारी मात्रा में उत्पादों को सीज कर दिया गया। खाद्य विभाग की टीम ने वाल्वराइन फूड्स (जैनपुर), अर्चिता शुद्धि (रनियां), राकेश मसाला (रायपुर), नीलम एग्रोटेक (रायपुर) तथा राज राजेश्वरी स्पाइस फूड्स (जैनपुर) में निरीक्षण किया। जांच के दौरान मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर, हल्दी पाउडर, तेजपत्ता पाउडर, गरम मसाला, मीट मसाला, हल्दी साबुत, दालचीनी साबुत सहित कई खाद्य उत्पादों के नमूने संग्रहित किए गए। अधिकारियों ने बताया कि प्रथम दृष्टया संदिग्ध पाए गए उत्पादों को सीज कर दिया गया है। कार्रवाई के दौरान कुल 21,14,550 रुपये मूल्य का खाद्य पदार्थ एवं मसाला स्टॉक सीज किया गया। सभी नमूनों को प्रयोगशाला भेजा गया है, जहां उनकी गुणवत्ता एवं शुद्धता की जांच की जाएगी। खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों का कहना है कि प्रयोगशाला रिपोर्ट आने के बाद संबंधित इकाइयों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। विभाग की इस कार्रवाई से मसाला कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मिलावटखोरों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहने की बात अधिकारियों ने कही है।