बैटरी रिक्शा पलटने से डेढ़ माह के मासूम की मौत, परिवार में मचा कोहराम
निष्पक्ष जन अवलोकन। रामशंकर वर्मा।
रामनगर, बाराबंकी। मजदूरी की तलाश में परिवार के साथ लखनऊ जा रहे एक श्रमिक के डेढ़ माह के पुत्र की बैटरी रिक्शा पलटने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार शाहजहांपुर निवासी शरीफ अपने परिवार के साथ ग्राम रमवापुर स्थित वर्मा ब्रिकफील्ड पर ईंट पथाई का कार्य करते थे। भट्ठे का कार्य बंद होने के बाद शुक्रवार को वह अपनी पत्नी शहनाज, पुत्र शोएब, हसन तथा डेढ़ माह के पुत्र हसनैन के साथ घरेलू सामान लेकर बैटरी रिक्शा से लखनऊ के मटियारी क्षेत्र जा रहे थे।
रामनगर-फतेहपुर मार्ग पर रेलवे पुल के निकट अचानक बैटरी रिक्शा अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरे गड्ढे में पलट गया। हादसे में मासूम हसनैन सामान और रिक्शे के नीचे दब गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
परिजन आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामनगर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की खबर सुनते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक जानकारी जुटाई। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद बैटरी रिक्शा चालक मौके से चला गया, जिसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा हादसे के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।









