वेतन वृद्धि को लेकर फैक्ट्री में बवाल रनिया इंडस्ट्रियल एरिया की कानपुर एडविल फैक्ट्री में कर्मचारियों का धरना,ठेकेदार पर मारपीट का आरोप

वेतन वृद्धि को लेकर फैक्ट्री में बवाल रनिया इंडस्ट्रियल एरिया की कानपुर एडविल फैक्ट्री में कर्मचारियों का धरना,ठेकेदार पर मारपीट का आरोप

निष्पक्ष जन अवलोकन।

 अंकित तिवारी।

 कानपुर देहात। रनिया औद्योगिक क्षेत्र स्थित कानपुर एडविल फैक्ट्री में बुधवार को उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब वेतन वृद्धि समेत विभिन्न मांगों को लेकर बड़ी संख्या में कर्मचारी फैक्ट्री गेट पर धरने पर बैठ गए। सुबह से ही मजदूरों के जुटने के कारण फैक्ट्री का कामकाज प्रभावित रहा और पूरे परिसर में तनाव का माहौल बना रहा। धरने पर बैठे कर्मचारियों ने फैक्ट्री प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि लंबे समय से वेतन बढ़ाने की मांग की जा रही है, लेकिन उनकी समस्याओं पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा। कर्मचारियों का कहना है कि बढ़ती महंगाई के बीच मौजूदा वेतन में परिवार चलाना मुश्किल हो गया है। मामले ने उस समय और तूल पकड़ लिया जब एक कर्मचारी ने ठेकेदार पर मारपीट करने का आरोप लगाया। पीड़ित कर्मचारी का कहना है कि वह अपनी मांगों को लेकर धरने में शामिल होना चाहता था, लेकिन ठेकेदार ने उसे रोकने का प्रयास किया। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई। घटना की जानकारी मिलते ही अन्य मजदूरों में भारी आक्रोश फैल गया और उन्होंने फैक्ट्री गेट पर प्रदर्शन तेज कर दिया। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस मौके पर पहुंची और मोर्चा संभालते हुए कर्मचारियों को शांत कराने का प्रयास किया। और साथ ही एक नोटिस चस्पा की पुलिस की मौजूदगी में कर्मचारियों और फैक्ट्री प्रबंधन के बीच वार्ता कराई गई उसके बाद कर्मचारी काम पर गए और कुछ कर्मचारी घर वापिस चले गए।