एक ही दिन में दो बड़ी कुर्की कार्यवाहियाँ, यूपी ग्रामीण बैंक की वसूली मुहिम को मिली गति

एक  ही दिन में दो बड़ी कुर्की कार्यवाहियाँ, यूपी ग्रामीण बैंक की वसूली मुहिम को मिली गति

निष्पक्ष जन अवलोकन। । शिवसंपत करवरिया। चित्रकूट । उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक की ऋण वसूली मुहिम को गुरुवार को बड़ी सफलता मिली। क्षेत्रीय कार्यालय चित्रकूट के अंतर्गत संचालित विशेष वसूली अभियान के दौरान एक ही दिन में दो बकायेदार ऋण खातों में बंधक भूमि पर कुर्की की कार्यवाही संपन्न कराई गई। कार्यवाही उपजिलाधिकारी, कर्वी के आदेशानुसार राजस्व एवं पुलिस प्रशासन की उपस्थिति में की गई। बैंक अधिकारियों के अनुसार शाखा कर्वी के दो ऋण खातों में कुर्की की कार्रवाई की गई। ऋणी जागेश्वर पुत्र रामदीन, निवासी ग्राम–रगौली तथा भागवत पुत्र पंचा, निवासी ग्राम–रेहुटा की बंधक भूमि पर नियमानुसार कुर्की की कार्यवाही संपन्न कराई गई। कार्यवाही के दौरान बैंक की ओर से उप क्षेत्रीय प्रबंधक कपिल देव केसरवानी, विधि अधिकारी धनराज यदुवंशी ,प्रबंधक प्रियांशु यादव,सहायक प्रबंधक मनीष प्रजापति एवं वरिष्ठ शाखा प्रबंधक, शाखा-कर्वी प्रेम कुमार साव उपस्थित रहे । वहीं प्रशासन की ओर से नायब तहसीलदार हिमांशु द्विवेदी संबंधित संग्रह अमीन, लेखपाल एवं राजस्व टीम के साथ पुलिस बल भी मौजूद रहा। उप क्षेत्रीय प्रबंधक देव केसरवानी ने बताया कि बैंक द्वारा बकाया ऋणों की वसूली एवं एनपीए में कमी लाने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने ऋण धारकों से अपील की कि वे अपने बकाया ऋणों का समय से भुगतान करें, जिससे राजस्व एवं विधिक कार्यवाही की आवश्यकता न पड़े। एक ही दिन में दो कुर्की कार्यवाहियों का निष्पादन क्षेत्रीय कार्यालय चित्रकूट की वसूली मुहिम की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।