प्रबुद्धजन सम्मान समारोह में मोदी सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियां गिनाईं

प्रबुद्धजन सम्मान समारोह में मोदी सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियां गिनाईं

निष्पक्ष जन अवलोकन

शिवम् सिकरवार ब्यूरो चीफ आगरा

आगरा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन एवं जनकल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे विशेष जनसंपर्क अभियान के तहत गुरुवार को होटल पीएल पैलेस में प्रबुद्धजन सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े प्रबुद्धजनों, व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों, समाजसेवियों, अधिवक्ताओं, होटल व्यवसायियों तथा स्वयंसेवी संस्थाओं के पदाधिकारियों को सम्मानित किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार तथा केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल रहे। कार्यक्रम में विधायक डॉ. जी.एस. धर्मेश, विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह और भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता की विशेष उपस्थिति रही। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्रियों ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में देश ने विकास, सुशासन, सामाजिक न्याय, आधारभूत संरचना, स्वास्थ्य, शिक्षा और आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचा है और विकसित भारत-2047 का संकल्प तेजी से साकार हो रहा है। इस अवसर पर आगरा के विभिन्न व्यापारिक संगठनों, सामाजिक संस्थाओं एवं अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों को पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में के.के. पालीवाल, अनिल वर्मा, सीताराम अग्रवाल, अंबा प्रसाद गर्ग, विनय मित्तल, शलभ शर्मा, रोहित कत्याल, राजेश अग्रवाल, संजय ढींगरा सहित कई गणमान्य नागरिक शामिल रहे। भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश नई ऊंचाइयों को छू रहा है और विकसित भारत के निर्माण में समाज के प्रत्येक वर्ग की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने सभी प्रबुद्धजनों से राष्ट्र निर्माण के इस अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में भाजपा नेता नीतेश शिवहरे, मनवीर चौहान, गौरव शर्मा, रोहित कत्याल सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे।