अनुराग सेवा संस्थान का परिंडा अभियान जारी, राया में लगाए गए सैकड़ों परिंडे

अनुराग सेवा संस्थान का परिंडा अभियान जारी, राया में लगाए गए सैकड़ों परिंडे

निष्पक्ष जन अवलोकन 

राहुल शर्मा 

मथुरा/राया। भीषण गर्मी में बेजुबान पक्षियों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से अनुराग सेवा संस्थान, लालसोट द्वारा संचालित “अनुराग परिंडा अभियान” लगातार आगे बढ़ रहा है। संस्थान की स्थापना के 31 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे “अनुराग-31” कार्यक्रम के तहत रविवार को राया कस्बे में विभिन्न स्थानों पर परिंडे लगाए गए तथा वितरित किए गए। अभियान के दौरान ब्लॉक प्रमुख कार्यालय, मथुरा रोड सहित अनेक घरों की बालकनी, छतों और पेड़ों पर परिंडे लगाए गए। इस अवसर पर कस्बे के लोगों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई और पक्षियों के लिए नियमित रूप से पानी भरने की जिम्मेदारी भी ली। संस्थान द्वारा ऐसे परिवारों और नागरिकों को प्राथमिकता के आधार पर परिंडे उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जो उनकी नियमित देखभाल का संकल्प लेते हैं। संस्थान के अनुसार “अनुराग-31” अभियान के अंतर्गत कुल 3100 परिंडे लगाने और वितरित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इच्छुक नागरिक संस्थान कार्यालय से निशुल्क परिंडे प्राप्त कर सकते हैं अथवा संस्थान के सदस्यों से संपर्क कर अपने घर या प्रतिष्ठान पर परिंडे लगवा सकते हैं। इस अवसर पर केडी किड्स जॉन स्कूल राया के प्रधानाचार्य प्रभात चौधरी, समाजसेवी विशाल पाराशर, ब्लॉक प्रधान प्रतिनिधि रनसिंह, डॉ. अंजीव रावत, श्रीमती संतोष ऋचा, श्रीमती रेखा पाराशर, श्रीमती आशा तिवाड़ी, राजकुमार चौधरी तथा संस्थापक संयोजक सियाराम शर्मा सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।