टी.जी.टी. (TGT) परीक्षा-2026 को शुचितापूर्ण एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने हेतु जिला प्रेक्षक की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक संपन्न

टी.जी.टी. (TGT) परीक्षा-2026 को शुचितापूर्ण एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने हेतु जिला प्रेक्षक की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक संपन्न

निष्पक्ष जन अवलोकन। ।शिवसंपत करवरिया। चित्रकूट।उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग के तत्वावधान में दिनांक 03 एवं 04 जून को आयोजित होने वाली प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (TGT) परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शुचितापूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से आज दिनांक 02 जून को अपराह्न 04:00 बजे एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आहूत की गई। बैठक की अध्यक्षता आयोग द्वारा नामित जनपद के जिला प्रेक्षक अजय कुमार सिंह (सेवानिवृत्त आईपीएस) द्वारा की गई। बैठक में परीक्षा की संवेदनशीलता के दृष्टिगत सुरक्षा व्यवस्था, प्रशासनिक तैयारियों तथा आयोग द्वारा निर्धारित गाइडलाइंस के अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने पर विस्तृत चर्चा की गई। इस महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक में पुलिस अधीक्षक, अपर पुलिस अधीक्षक, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) तथा जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) सहित जनपद के समस्त 08 परीक्षा केंद्रों के केंद्र व्यवस्थापक, समस्त नामित सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेट उपस्थित रहे। जिला प्रेक्षक महोदय द्वारा बैठक में उपस्थित समस्त अधिकारियों एवं केंद्र व्यवस्थापकों को उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग द्वारा जारी कड़े दिशानिर्देशों से अवगत कराया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा संचालन में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही अक्षम्य होगी। पुलिस प्रशासन को परीक्षा केंद्रों के इर्द-गिर्द कड़ी सुरक्षा व्यवस्था (चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल की तैनाती) सुनिश्चित करने तथा उपद्रवी तत्वों पर पैनी नजर रखने के निर्देश दिए गए। परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन, ब्लूटूथ या अन्य किसी भी इलेक्ट्रॉनिक गैजेट के प्रवेश पर पूर्णतः प्रतिबंध रहेगा। समस्त सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेट्स को परीक्षा अवधि के दौरान निरंतर गतिशील रहकर कड़ी निगरानी रखने तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु निर्देशित किया गया। परीक्षा की गरिमा और शुचिता सर्वोपरि है। सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें ताकि परीक्षार्थियों को किसी असुविधा का सामना न करना पड़े और परीक्षा पूर्णतः पारदर्शी एवं नकलविहीन माहौल में संपन्न हो।