मथुरा का लाल देश पर हुआ कुर्बान, गांव पिरसुआ के जवान विपिन कुमार शहीद

मथुरा का लाल देश पर हुआ कुर्बान, गांव पिरसुआ के जवान विपिन कुमार शहीद

निष्पक्ष जन अवलोकन

राहुल शर्मा 

थुरा। जनपद मथुरा के गांव पिरसुआ का रहने वाला भारतीय सेना का जवान विपिन कुमार देश की सेवा करते हुए शहीद हो गया। शहादत की सूचना मिलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में मातम का माहौल है तथा हर आंख नम दिखाई दे रही है। शहीद विपिन कुमार, तेजपाल के पुत्र थे और वर्ष 2016 में भारतीय सेना की एएमसी (Army Medical Corps) में भर्ती हुए थे। उन्होंने देश की सेवा को अपना सर्वोच्च कर्तव्य मानते हुए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ सेना में योगदान दिया। विपिन कुमार अपने पीछे पत्नी, जुड़वा बेटा-बेटी सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनकी शादी को लगभग पांच वर्ष हो चुके थे। परिवार में चार भाई हैं। बड़े भाई भगवान दास भारतीय सेना में कार्यरत हैं, जबकि उनसे छोटे भाई सुनील भी सेना में देश की सेवा कर रहे हैं। सबसे छोटे भाई राधाकृष्ण सेना में भर्ती की तैयारी कर रहे हैं। शहीद की खबर जैसे ही गांव पिरसुआ पहुंची, पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों ने शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके बलिदान को राष्ट्र के लिए अमूल्य बताया। ग्रामीणों का कहना है कि विपिन कुमार ने अपने कर्तव्य का निर्वहन करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया है, जिस पर पूरे क्षेत्र को गर्व है। शहीद के सम्मान में गांव में लोगों का तांता लगा हुआ है और हर कोई परिवार को ढांढस बंधाने पहुंच रहा है। राष्ट्र के लिए दिया गया यह बलिदान सदैव याद रखा जाएगा। शहीद विपिन कुमार की शहादत को पूरा देश नमन कर रहा है।