पत्रकारिता दिवस पर किया गया पत्रकारों का सम्मान
निष्पक्ष जन अवलोकन। राम शंकर वर्मा। रामनगर बाराबंकी। हिन्दी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर लोधेश्वर महादेवा में पत्रकार सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के आयोजक प्रो. डॉ. संजय तिवारी ने तहसील क्षेत्र के पत्रकारों को माल्यार्पण कर तथा कलम डायरी व अंग वस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। समारोह में पत्रकारिता की चुनौतियों, दायित्वों और लोकतंत्र में उसकी भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई।कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ पत्रकार चन्द्र प्रकाश चौरसिया ने की, जबकि आयोजन का संयोजन पत्रकार संघ के अध्यक्ष रामशंकर वर्मा ने किया। संचालन अंजनी कुमार अवस्थी ने किया।अपने संबोधन में प्रो. डॉ. संजय तिवारी ने कहा कि पत्रकार समाज का सजग प्रहरी होता है, जो निष्पक्षता और निर्भीकता के साथ जनहित के मुद्दों को सामने लाकर लोकतंत्र को मजबूत बनाने का कार्य करता है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों का सम्मान समाज के प्रति उनकी महत्वपूर्ण भूमिका का सम्मान है।अध्यक्षीय उद्बोधन में वरिष्ठ पत्रकार चन्द्र प्रकाश चौरसिया ने कहा कि हिन्दी पत्रकारिता ने देश के सामाजिक, सांस्कृतिक और लोकतांत्रिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। पत्रकारों को सत्य और निष्पक्षता के मार्ग पर चलते हुए जनसरोकारों की आवाज बुलंद करते रहना चाहिए।पत्रकार संघ के अध्यक्ष रामशंकर वर्मा ने कहा कि पत्रकारिता केवल एक पेशा नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति उत्तरदायित्व का निर्वहन है। बदलते दौर में पत्रकारों को अपनी विश्वसनीयता और निष्पक्षता बनाए रखने की आवश्यकता है। संतकुमार उपाध्याय ने कहा पत्रकार कोई छोटा बड़ा नही होता है इसलिए सभी लोग मिलकर रहे।आपस मे मतभेद भेद हो सकता है लेकिन मनभेद भुलाकर कार्य करना चाहिए। पत्रकारिता समाज का दर्पण है पत्रकारिता की ताकत बहुत बड़ी है खबर छपते ही नेता और अधिकारियों की कुर्सी हिल जाती है।कार्यक्रम में उपस्थित पत्रकारों ने भी पत्रकारिता के विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार व्यक्त किए तथा वर्तमान समय में मीडिया की भूमिका पर चर्चा की।इस अवसर पर रामकुमार मौर्य, ललित पांडेय, अशोक सिंह, निरंकार त्रिवेदी, एस.पी. शुक्ला, विशाल अवस्थी, ज्ञानेंद्र वर्मा, के.के. शुक्ला सहित बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे।समारोह में उपस्थित पत्रकारों ने प्रो. डॉ. संजय तिवारी द्वारा पहली बार आयोजित किए गए इस सम्मान कार्यक्रम की सराहना करते हुए इसे पत्रकारों के उत्साहवर्धन की दिशा में सराहनीय पहल बताया।









