लखनऊ में राष्ट्रीय पत्रकार सुरक्षा परिषद का भव्य राष्ट्रीय महाधिवेशन संपन्न, चित्रकूट इकाई हुई सम्मानित
निष्पक्ष जन अवलोकन। । शिवसंपत करवरिया। चित्रकूट । विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी राजधानी लखनऊ में “राष्ट्रीय पत्रकार सुरक्षा परिषद” के स्थापना दिवस, राष्ट्रीय महाधिवेशन एवं पत्रकार सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों से आए पत्रकारों, पदाधिकारियों एवं अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। समारोह का आयोजन राष्ट्रीय अध्यक्ष देवेंद्र कुमार मिश्रा के नेतृत्व एवं चित्रकूट इकाई के जिलाध्यक्ष अनिल देवरवा के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथियों में कारागार मंत्री सुरेश राही, लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल, कैबिनेट राज्य मंत्री राकेश सचान एवं सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता A P Singh सहित कई जनप्रतिनिधि, भाजपा प्रवक्ता एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए इसे पत्रकार एकता और सम्मान का प्रतीक बताया। समारोह के दौरान राष्ट्रीय पत्रकार सुरक्षा परिषद इकाई चित्रकूट की संयुक्त टीम अनिल देवरवा, ओम प्रकाश निषाद, अमित कुमार सिंह, आयुष कछवाह, शिव सागर निषाद, अमन तिवारी, राजाराम राही, बंसी लाल, हिमांशु राजपूत, बुद्धनारायण विश्वकर्मा, लवकुश यादव,को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। राष्ट्रीय अध्यक्ष देवेंद्र कुमार मिश्रा एवं अन्य अतिथियों द्वारा पत्रकारों को पुष्प गुच्छ, शील्ड एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मान प्रदान किया गया। सम्मान मिलने पर चित्रकूट इकाई के सदस्यों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष देवेंद्र कुमार मिश्रा ने कहा कि संगठन लगातार पत्रकारों के हितों और अधिकारों की लड़ाई लड़ रहा है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों को सुरक्षा एवं सम्मान दिलाने के उद्देश्य से संगठन पूरे देश में मजबूती से कार्य कर रहा है। उन्होंने सरकार और प्रशासन से पत्रकारों के लिए 50 लाख रुपये के बीमा की व्यवस्था, समाचार संकलन हेतु कार्यालय एवं आवास की सुविधा, पत्रकारों के बच्चों की निःशुल्क शिक्षा तथा बिना निष्पक्ष जांच के पत्रकारों पर मुकदमा दर्ज न किए जाने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि “राष्ट्रीय पत्रकार सुरक्षा परिषद” आज 17 राज्यों में लगभग 32 हजार पत्रकारों का मजबूत संगठन बन चुका है और संगठन पत्रकारों के सम्मान एवं सुरक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करने को तैयार है। वहीं उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने अपने संबोधन में पत्रकारों को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ बताते हुए कहा कि सरकार पत्रकारों के हितों की रक्षा के लिए हर संभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने आश्वस्त किया कि पत्रकारों की समस्याओं को गंभीरता से सुना जाएगा और उनके हितों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। कार्यक्रम के दौरान वृंदावन एवं अयोध्या से आए कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं, जिन्होंने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। भक्ति संगीत, लोक संस्कृति और रंगारंग कार्यक्रमों ने समारोह को और भी भव्य एवं आकर्षक बना दिया। पूरे आयोजन में देशभर से आए पत्रकारों के बीच एकता, संगठन और सम्मान का संदेश देखने को मिला। कार्यक्रम के सफल आयोजन पर उपस्थित पत्रकारों एवं अतिथियों ने राष्ट्रीय पत्रकार सुरक्षा परिषद की सराहना करते हुए इसे पत्रकार हितों की मजबूत आवाज बताया।









