तंबाकू से दूर रहने का दिया संदेश, जागरूकता रैली निकालकर किया प्रेरित

तंबाकू से दूर रहने का दिया संदेश, जागरूकता रैली निकालकर किया प्रेरित
तंबाकू से दूर रहने का दिया संदेश, जागरूकता रैली निकालकर किया प्रेरित

निष्पक्ष जन अवलोकन। । शिवसंपत करवरिया । चित्रकूट। राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत मंगलवार को चित्रकूट इंटर कॉलेज कर्वी में स्वास्थ्य विभाग की ओर से जन जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों एवं लोगों को तंबाकू और निकोटिन से बने नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष कुमार ने की। उन्होंने कहा कि नशा समाज और परिवार दोनों के लिए घातक है। तंबाकू का सेवन करने से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी होने का खतरा बढ़ जाता है। इसके साथ ही दांत कमजोर होने लगते हैं, पाचन शक्ति प्रभावित होती है तथा आंखों की रोशनी भी धीरे-धीरे कम होने लगती है। उन्होंने लोगों से पान, बीड़ी, सिगरेट, गुटखा एवं अन्य नशीले पदार्थों का सेवन न करने की अपील की। गोष्ठी के बाद विद्यालय परिसर से जन जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में छात्र-छात्राओं ने हाथों में स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर लोगों को तंबाकू से दूर रहने का संदेश दिया। “नशा नाश की जड़ है” और “तंबाकू छोड़ो, जीवन जोड़ो” जैसे नारों से वातावरण गूंज उठा। प्रधानाचार्य डॉ. रणवीर सिंह चौहान ने कहा कि युवाओं को नशे की लत से बचाने के लिए लगातार जागरूकता अभियान चलाने की आवश्यकता है। उन्होंने छात्र छात्राओं को नशा मुक्त अभियान को सफल बनाने के लिए शपथ दिलाई और सभी से स्वस्थ जीवन शैली अपनाने का आह्वान किया। इस दौरान क्षेत्रीय समन्वयक प्रतीक श्रीवास्तव, नशा उन्मूलन नोडल गीत श्रीवास्तव, फूलचंद चंद्रवंशी, डॉ. रमेश सिंह, शंकर प्रसाद यादव, ऋषि कुमार शुक्ला, सुनील शुक्ला, शक्ति प्रताप सिंह, रामबचन सिंह, लालमन, रामेश्वर प्रसाद प्रजापति, ज्ञानी चौधरी, राम सिया वर्मा, वीरेंद्र नाथ मिश्रा, डॉ. प्रदीप सिंह सहित कई शिक्षकों ने भी अपने विचार व्यक्त किए और तंबाकू मुक्त समाज बनाने का संकल्प दिलाया।