महिलाओं के लिए बजट की समझ बढ़ाएगा ‘मिलेनियम मैम्स’ का विशेष बजट विश्लेषण सत्र
निष्पक्ष जन अवलोकन। योगेश जायसवाल। नई दिल्ली। महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में अग्रणी संस्था मिलेनियम मैम्स द्वारा आगामी केंद्रीय बजट को महिलाओं के लिए सरल और उपयोगी रूप में समझाने हेतु एक विशेष बजट विश्लेषण सत्र का आयोजन किया जा रहा है। इस संस्था का नेतृत्व कर रहीं विष्णू धानुका वर्षों से महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से जागरूक बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। इस सत्र का उद्देश्य केंद्रीय बजट जैसे जटिल विषय को आसान भाषा में प्रस्तुत करना है, ताकि महिलाएं यह समझ सकें कि बजट का सीधा असर उनके परिवार, घरेलू अर्थव्यवस्था, आजीविका, शिक्षा, स्वास्थ्य और महिलाओं से जुड़ी सरकारी योजनाओं पर किस प्रकार पड़ता है। कार्यक्रम के दौरान बजट से संबंधित प्रमुख प्रावधानों को सरल उदाहरणों के माध्यम से समझाया जाएगा, जिससे पहली बार सीखने वाली महिलाएं भी इसे आसानी से आत्मसात कर सकें। यह पहल समाज में हो रहे सकारात्मक बदलाव को भी दर्शाती है, जहां महिलाएं अब केवल घर-गृहस्थी तक सीमित न रहकर शिक्षा, नीति और आर्थिक विषयों में सक्रिय भागीदारी कर रही हैं। मिलेनियम मैम्स का यह प्रयास महिलाओं को ज्ञान के माध्यम से सशक्त बनाते हुए उन्हें देश की आर्थिक दिशा को समझने और उस पर विचार रखने का आत्मविश्वास प्रदान करता है। उल्लेखनीय है कि बिश्नु धनुका के मार्गदर्शन में यह बजट विश्लेषण कार्यक्रम हर वर्ष आयोजित किया जाता है, जिसमें बजट को बेहद सरल और व्यवहारिक रूप में प्रस्तुत किया जाता है।